आगरा। सोमवार से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई है। सोमवार सुबह छात्र छात्राएं परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रो पर पहुंचे। सुबह की पाली की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे छात्र छात्राओं को प्रवेश दिया गया और परीक्षा शुरू हुई। माना जाता है कि छात्र छात्राओं के लिए 10वीं व 12वीं की परीक्षा सफलता की पहली सीढ़ी होती है और यही वजह है कि बोर्ड परीक्षा के लिए छात्र छात्राएं पूरी साल लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करते है। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए छात्र छात्राएं कड़ी मेहनत करते है ताकि परीक्षा के परिणाम में अच्छे अंक हासिल कर अपने सुनहरे भविष्य की नीम रख सके।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा सोमवार को 166 केंद्रों पर हुई। पहली पाली में हाईस्कूल के हिंदी, प्रारंभिक हिंदी और इंटरमीडिएट की सैन्य विज्ञान की परीक्षा थी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी और सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई। अगली परीक्षा 28 फरवरी को होगी। हाईस्कूल में पाली, अरबी, फारसी व संगीत गायन और इंटरमीडिएट में व्यवसाय अध्ययन व कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा है।
निगरानी के लिए बनाई गई फ्लाइंग स्क्वायड
इसके साथ ही 5 फ्लाइंग स्क्वायड बनाई गई है जो सुबह से ही परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रही है और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। परीक्षा केंद्र के आस पास की फोटो स्टेट की दुकान बंद रखने के निर्देश है। परीक्षा केंद्रों पर दो महिला पुलिसकर्मी और दो पुरुष पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा को नकल विहीन कराने को लेकर कड़ी व्यवस्था की गई है। यूपी बोर्ड की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई है और कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा चल रही है। छात्रों ने परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत की है सुबह से ही अपने अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
8,952 ने छोड़ी हिंदी की परीक्षा
यूपी बोर्ड में पहले दिन 166 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें 8,952 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नकल संबंधी कोई शिकायत नहीं आई। डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि हाईस्कूल में 61,890 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, 5097 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट में 3,855 विद्यार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। इसमें 61,915 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। सचल दल सक्रिय रहे। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की गई।
