महिला पुलिसकर्मी स्कूल-कॉलेजों के बाहर रहेंगी तैनात
एंटी रोमियो स्क्वाड की गाड़ियों से भी करायी जायेगी गश्त
आगरा। बीडी जैन महाविद्यालय की छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। छात्राओं को स्कूल-कॉलेज आते-जाते समय कोई दिक्कत न हो यह सोचकर नए सिरे से मनचलों के अड्डे चिह्नित किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस स्कूल-कॉलेज में दस्तक देगी। छात्राओं से बातचीत के आधार पर उन स्थानों को चिन्हित किया जाएगा जहां आए दिन युवक मिलते हैं। महिला सिपाहियों को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि पूर्व में कमिश्नरेट मेें डार्क जोन चिन्हित किए गए। थे। मिशन शक्ति अभियान के दौरान पुलिस ने मोहल्लों में चौपाल लगाकर महिलाओं से बातचीत के आधार पर इन्हें चिन्हित किया था। बीडी जैन की छात्राओं और शिक्षिकाओं का कहना है कि उनके कॉलेज के पीछे वाली सड़क सुनसान रहती है। उस सड़क पर पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाएगी। कुछ स्थानों पर आॅपरेशन दृष्टि के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। बीडी जैन महाविद्यालय के अलावा दूसरे विद्यालय की छात्राओं से महिला-पुलिस संपर्क करेगी। यह जानने का प्रयास करेगी कि उन्हें किस जगह युवकों का जमघट मिलता है। ऐसे कौन-कौन से रास्ते हैं जहां से गुजरने में उन्हें डर लगता है। वे अपने आप को किस सड़क पर सबसे ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं। इसकी वजह क्या है। वहां पुलिस दिखती है या भीड़ रहती है। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि वर्तमान में एंटी रोमियो की पांच टीमें हैं। एंटी रोमियो स्क्वाड को भीड़भाड़ वाले बाजारों में भी रहना होता है। स्कूल-कॉलेजों की संख्या अधिक है। छुट्टी के समय ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि पुलिस का मूवमेंट छात्राओं को नजर आए। मनचले जहां दिखें पुलिस उन्हें पकड़ ले।
छात्राएं बेखौफ करें शिकायत, होगी कार्रवाई
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि जल्द ही ऐसी व्यवस्था हो जाएगी कि छात्राओं को शिकायत करने के लिए थाने-चौकी नहीं जाना पड़ेगा। स्कूल-कॉलेज में में ही शिकायत पेटिका लग जाएगी। बीडी जैन से इसकी शुरूआत की जाएगी। सोमवार को बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई थीं। इसलिए बीडी जैन में शिकायत पेटिका नहीं लगवाई जा सकी। इसे मंगलवार को लगवाया जाएगा। जल्द ही सभी स्कूल-कॉलेज में पुलिस की शिकायत पेटिका लग जाएगी।
महिला पुलिस कर्मियों को नई जिम्मेदारी
थानों में तैनात महिला पुलिस कर्मियों को नई जिम्मेदारी दी जाएगी। स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय वे सादा कपड़ों में सक्रिय रहेंगी। कोई सड़क पर हरकत करता नजर आएगा तो तत्काल थाने पर पुलिस को बताएंगी उनका वीडियो बना लेंगी। उनकी गाड़ी का नंबर नोट कर लेंगी।
