आगरा में एक लाख से अधिक छात्रों के लिए कड़ा पहरा
यूपी बोर्ड परीक्षा सकुशल कराने को अधिकारियों ने की बैठक
केंद्र व्यवस्थापक एवं अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद
आगरा। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश बोर्ड की 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाएं सकुशल, शांतिपूर्ण और सुचिता के साथ कराने के लिए शनिवार को अधिकारियों ने सूरसदन प्रेक्षागृह में केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने व्यवस्थाएं पूरी करने के साथ ही अन्य तैयारी करने को कहा। जनपद में हाईस्कूल में 60371 जिसमें 32556 बालक,27815 बालिका तथा इंटरमीडिएट में 61551 में 35415 बालक,26136 बालिका कुल 121922 छात्र छात्राएं शामिल होंगे।
लापरवाही मिली तो केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद करते हुए कहा कि कि यदि परीक्षा के दौरान केंद्र में कोई लापरवाही मिलती है तो केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। छात्राओं की तलाशी के लिए महिला पुलिस कर्मी व शिक्षिकाएं लगाई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा , प्रकाश, ,शौचालय, पेयजल आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों। सभी जोनल,स्टेटिक, एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट,केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि परीक्षा की जो नियम-शर्तें हैं, उनके अनुरूप ही परीक्षा कराएंगे। किसी भी स्तर पर गलती अक्षम्य होगी। गड़बड़ी संज्ञान में आई तो व्यक्तिगत रूप से जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार पर कड़ी कार्रवाई होगी।
छह जोन और 15 सेक्टरों में विभाजित
परीक्षाओं के नकल विहीन तथा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराये जाने हेतु आगरा जनपद के 154 परीक्षा केन्द्रों को 06 जोन एवं 15 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। उक्तानुसार 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सैक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 18 अति संवेदशील परीक्षा केन्द्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के आदेश दिए हैं।सभी सैक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सैक्टर से सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा तिथि में समय प्रात: 8:30 बजे से 11:45 बजे तक एवं अपरान्ह 2:00 से 5:15 के मध्य परीक्षाओं के नकल विहीन तथा शांतिपूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करायेगें।
नकल विहीन परीक्षा कराना सर्वोच्च प्राथमकिता
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल, केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति प्रति पाली बंडल वाहक के माध्यम से निर्धारित प्रारूप पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता नकल विहीन परीक्षा कराना है फलस्वरूप बोर्ड परीक्षाओं में बहुत संवेदनशीलता बरती जा रही है।
डीआईओएस कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना
डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि परीक्षा व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है जो कि परीक्षा अवधि में प्रतिदिन प्रात: 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष सं0-9997156949 है। ब्रीफिंग में बताया गया कि परीक्षा केन्द्र परिसर के अन्दर परीक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री, पेजर, मोबाइल फोन, कैल्कुलेटर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
