मंगलवार सुबह हादसा आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
भोपाल। मध्य प्रदेश के भिंड में आज मंगलवार की सुबह-सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां बहन के घर शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया, जिसमें 7 लोगों की जान चली गई और एक दर्जन से अधिक घायल बताए जा रहे हैं।
घटना भिंड के देहात थाना क्षेत्र के जवाहरपुरा की है। यहां भिंड कलेक्ट्रेट में काम करने वाले गिरीश नारायण अपने परिवार के साथ बहन के घर शादी समारोह में भात देने गए थे। सुबह वापसी के दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने सवारी से भरे पिकअप वाहन में टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। 5 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि 2 की मौत इलाज के दौरान हो गई। वहीं 7 गंभीर घायलों को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कुल एक दर्जन से अधिक घायल हैं। घटना नेशनल हाईवे 719 पर देहात थाना क्षेत्र के जवारपुर गांव के पास हुई। सभी लोग शादी समारोह से भात देकर वापस आ रहे थे। घटना से आक्रोशित लोगों ने मौके पर जाम लगा दिया।
मामले की सूचना मिलते ही स्थानी पुलिस सहित पुलिस अधीक्षक डॉक्टर असित यादव भी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया। एसपी के साथ ही कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव भी जिला अस्पताल पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
