पुलिस और परिवहन विभाग ने शहर भर में काटे 401 चालान
आगरा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं और उसमें मृतकों की संख्या में कभी लाने के लिए अब समस्त पेट्रोल पंपों पर ह्यनो हेलमेट नो फ्यूलह्ण नीति को कड़ाई से लागू किया जा रहा है। पुलिस विभाग और परिवहन विभाग पेट्रोल पंप पर जाकर कार्रवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में संभागीय परिवहन की ओर से आगरा में ही 401 चालान किये गये हैं।
बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए डीएम द्वारा नो हेलमेट, नो पेट्रोल के आदेश जारी किए थे। ये आदेश 26 जनवरी से लागू किए गए थे। पुलिस और संभागीय परिवहन टीमों ने शहर भर के पेट्रोल पंपों पर सघन चेकिंग की तो पाया पेट्रोल. पंप संचालक डीएम के आदेशों को ठेंगा दिखा रहे हैं। शहर के पेट्रोल पंपों पर धड़ल्ले से बिना हेलमेट बाइक चालकों को पेट्रोल मिल रहा है। टीम के सदस्यों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालान किये। आगरा में ही 400 से अधिक चालान किये गये हैं। पूरे मंडल में 891 चालान किये गये हैं।
बिना हेलमेट वालों की भीड़
पेट्रोल पंपों पर अधिकांश बाइक चालक बिना हेलमेट दिखते हैं। उनको बिना रोक-टोक के पेट्रोल दिया जा रहा है। पेट्रोल पंप पर नो हेलमेट, नो पेट्रोल के पोस्टर भी चस्पा होने के बाद पेट्रोल डालने वाले धड़ल्ले से पेट्रोल दे रहे हैं।
