दुल्हन के पिता ने हरिपर्वत एसीपी से की दूल्हे के पिता की शिकायत
शादी से पहले बच्चे को लेकर थाने पहुंच गई दूल्हे की प्रेमिका
आगरा। न्यू आगरा में शादी से तीन घंटे पहले बरात लाने से मना करने वाले दूल्हे को अब दुल्हन सबक सिखाना चाहती है। जिससे किसी और लड़की की जिंदगी के साथ खिलवाड़ न हो सके। शुक्रवार को दुल्हन के परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर हरीपर्वत थाने पहुंचे।
दयालबाग, न्यू आगरा की रहने वाली युवती की 12 फरवरी को बरात आनी थी। रिजार्ट में मंडप सजा हुआ था। बरात लाने से तीन घंटे पहले दूल्हे के पिता ने काल करके बताया कि वह बरात लेकर नहीं आ पाएंगे। उनका बेटा ताजगंज थाने में है। दुल्हन के पिता थाने पहुंचे तो वहां गोद में बच्चा लेकर आयी दिल्ली की युवती मिली। युवती का कहना था कि वह दूल्हे के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उससे मंदिर में शादी की थी। उसकी गोद में जो बच्चा है, वह प्रेमी का है। वहीं, बरात न आने और पहले से एक बच्चा का पिता होने की जानकारी पर युवती आहत है। वो चाहती है कि आरोपी पर सख्त कार्रवाई हो, जिससे कभी कोई और इस तरीके से किसी की जिंदगी बर्बाद न कर सके। मामले में एसीपी हरीपर्वत आदित्य ने बताया लड़की पक्ष के लोग दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आए थे। उनकी तहरीर ले ली है। कार्रवाई की जा रही है।
शादी से पहले तथ्य छुपाए
युवती के पिता का कहना है कि शादी से पहले लड़के वालों ने उनसे बहुत सी बातें छिपाई, जो अब पता चल रही हैं। उन्होने बड़े बेटे की बहू को भी निकाल दिया। हमने शादी से पहले पूछा था तो हमसे कहा था कि बहू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, ऐसे में वो अपने घर चली गई है। शादी से पहले वो आ जाएगी। मगर, अब पता चला कि उसका तो केस चल रहा है। युवती के पिता ने बताया कि शादी के लिए उन्होंने कर्जा लिया। वो प्राइवेट नौकरी करते हैं, उन्हें लगा कि बेटी को अच्छा परिवार मिला है वो खुश रहे, इसके लिए उसकी शादी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते थे। लड़के वालों ने सामान खरीदने के लिए करीब 18 लाख रुपये उनसे नकद ले लिए थे। इसके अलावा उन्होंने रिसॉर्ट बुक किया। 500 रुपये प्रति प्लेट के हिसाब से कैटरिंग भी की। उनके करीब 28 लाख रुपये खर्च हो गए हैं। वॉटस एप ग्रुप से मिले थे: उन्होंने बताया कि रिश्ता समाज के ग्रुप के माध्यम से हुआ था। लड़के का बायोडाटा आया था। हमने देखा। घर जाकर बात की तो हमें उस समय सही लगा। उस समय इन सब चीज की भनक तक नहीं थी।
