हाथरस। पिछले तीन दिन हुई लगातार बरसात से शहर में जहां एक और कुछ मकान गिर गए वहीं कुछ जर्जर मकान बुरी तरह से फट गए हैं। बरसात के बाद दनादन मकानों के फटने का सिलसिला जारी है। धीरे-धीरे इन जर्जर मकानों का हिस्सा ढहने से स्थानीय नागरिक किसी भी वक्त अनहोनी की आशंका को लेकर भयभीय हैं।
गली मालिन में चांद गोटिया बाबा के राधा रमन मंदिर के सामने स्थित दो मंजिला मकान भी बुरी तरह से फट गया है। धीरे-धीरे हर रोज इसका थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लगातार गिर रहा है। जिससे उसके ढह जाने की प्रबल आशंका से सभी क्षेत्रवासी बुरी तरह भयभीत और परेशान हैं। दरअसल, नयागंज में गली मालिन स्थित चांदगोटिया बाबा के राधा रमन मंदिर के ठीक सामने दो मंजिला मकान है। यह मकान जर्जर व काफी पुराना है। इस मकान में एक ही परिवार की कई गृहस्थी किराए पर रहती हैं।
पिछले तीन दिन हुई लगातार बरसात के कारण यह मकान बुरी तरह फट गया है और वह खुद टूट कर गिरने लगा है। जिसके कारण उसके कभी भी ढह जाने की लगातार आशंका है। जिसकी चपेट में आकर लोगों की जान भी जा सकती है। जहां एक ओर मंदिर में आने जाने वाले तमाम भक्तजनों , मकान में रह रहे लोगों तथा रास्ता निकलने वाले लोगों के चपेट में आने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उक्त मकान मालिक हरिओम प्रकाश अटल ने जानकारी करने पर बताया कि उक्त मकान के हालात से प्रशासन , नगर पालिका परिषद व पुलिस को कई दिन पूर्व पूरी तरह से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन किसी भी ओर से कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। किसी भी विभाग से उस मकान को देखने तक नहीं आया है। इस मकान से गिर रहे मलबे के फोटो व वीडियो प्रशासन को भेजे गए हैं तथा मोहल्ले के सभी लोग बुरी तरह से भयभीत हैं, क्योंकि मकान गिरने का हादसा कभी भी हो सकता है, जिससे गंभीर घटना घटित होने की आशंका है। फिर भी पता नहीं क्यों संबंधित अधिकारी पूरी बात जानने के बाद भी कार्यवाही नहीं कर रहे और खामोश होकर चुपचाप बैठे देख रहे हैं जैसे शायद उन्हें हादसा होने का इंतजार हो।
बरसात के बाद दनादन फट रहे मकान
Leave a comment
Leave a comment
