मौके पर मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए, लोगों को मिट्टी से बाहर निकाला
बाह के बिजकौली कला में निर्माणाधीन मकान गिरने से हुआ हादसा, गांव में छाया मातम
आगरा। थाना बाह क्षेत्र ग्राम बिजकौली में रविवार को मकान निर्माण के दौरान बने बेसमेंट की दीवार गिरने से सात लोग मलबे में दबकर गंभीर घायल हो गए। इनमें से दो घायलों की उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। दो लोगों की मौत की सूचना से गांव में मातम छा गया। मृतकों के परिवार के साथ-साथ गांव में भी गम का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार बिजकौली गांव निवासी जोध सिंह के मकान के नीचे बेसमेंट बनाया गया था। बेसमेंट की दीवारों के बीच खाली स्थान में मिट्टी की भराई कर उसमें पानी छोड़ दिया गया था। इस दौरान रविवार को गांव के ही हीरालाल (60) पुत्र नंदराम, रामेंद्र सिंह (58) पुत्र वेद सिंह, कल्लू (32) पुत्र राम खिलाड़ी, योगेश (45) पुत्र राज बहादुर, उत्तम सिंह (50) पुत्र आसाराम, धर्मेंद्र सिंह (42) पुत्र नाथूराम और सुनील कुमार (38) पुत्र दूरबीन सिंह दीवार के सहारे अलाव ताप रहे थे। अचानक से दीवार गिर गई। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने अद्भुत साहस और मानवता का परिचय दिया। ओमपाल, नीरज, रोहित, शिवम, गौरव, आशाराम, अखयराम, अजीत, हिमांशु, भोला, मोहित सहित दर्जनों ग्रामीण जान की परवाह किए बिना मलबे में कूद पड़े। हाथों से ईंट-पत्थर हटाकर करीब आधे घंटे में सभी घायलों को बाहर निकाला गया। यदि यह तत्परता न दिखाई जाती तो जनहानि और भी बढ़ सकती थी।
घायलों को एसएन किया गया रेफर
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया। आगरा ले जाते समय हीरालाल और योगेश ने दम तोड़ दिया। हीरालाल के दो शादीशुदा पुत्र—राजू (35) ड्राइवर और सोनू (30) निजी नौकरी में हैं। पत्नी शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं योगेश की पत्नी बबली देवी और उनके तीन बच्चे—सनी (24), रोहित (18) व नेहा (16) पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों घरों में शोक और सन्नाटा पसरा है। सूचना पर उपजिलाधिकारी संतोष कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा तथा बटेश्वर चौकी प्रभारी इंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोपहर बाद डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल बाद में पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे।
