गोली लगने से लहूलुहान भाजपा नेता को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
आगरा। हरिपर्वत थाना क्षेत्र के शाह मार्केट में बुधवार रात का पुरानी रंजिश में बाइक सवार हमलावरों ने भाजपा नेता को गोली मार दी। गनीमत रही गोली भाजपा नेता के कान को छूकर निकल गई। जिससे भाजपा नेता लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नेता को जिला अस्पातल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। गोली की सूचना पर डीसीपी सिटी भी जिला अस्पताल पहुंच गये। डीसीपी सिटी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात लगभग 11.30 बजे की है। न्यू आगरा के नगला पदी निवासी सुमित दिवाकर भाजपा नेता हैं। वह भाजपा महानगर के कार्य निर्माण विभाग के सह संयोजक हैं। सुमित दिवाकर रात 11.30 बजे शाह मार्केट अपने किसी निजी काम से आये थे। तभी अचानक एक युवक आया। सुमित दिवाकर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने गोली चला दी। गोली भाजपा नेता के कान को छूते हुए निकल गई। जिससे भाजपा नेता लहुलुहान हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास खड़े लोगों में भगदड़ मच गई। वे दूर भाग निकले। इसी बीच हमलावर मौका पाकर बाइक से भाग निकला।
थाने लेकर पहुंचे लोग
लहूलुहान सुमित दिवाकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। हमलावर के भाग जाने के बाद कुछ लोग ठेल के पास लौटे। उन्होंने सुमित के चेहरे पर पानी डाला। इसके बाद उन्हें थाना हरीपर्वत लेकर गए। जहां से पुलिस ने घायल भाजपा नेता को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।
पूर्व में एक युवक से हुआ था विवाद
सुमित दिवाकर के दोस्त दीप विनायक ने बताया-शाह मार्केट क्षेत्र के रहने वाले सोहेल नामक युवक ने हमला किया है। पूर्व में उससे विवाद हुआ था। इस पर थाना हरीपर्वत में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई की। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया-हमलावर की तलाश की जा रही है।
डीसीपी सिटी ने दिया आश्वासन
गोली चलने की सूचना पर डीसीपी सिटी सोनम कुमार भी जिला अस्पताल पहुंच गये। उन्होने भाजपा नेता से मामले की पूछताछ कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।