दोस्तों की जमानत के लिए जेवर बेचने आया था शातिर
चोरी के खुलासे के लिए फौजी को देना पड़ा था धरना
आगरा। पुलिस ने फौजी के बंद घर में चोरी करने वाले चोर को पकड़ा है। उसके दो साथियों को पहले भी पकड़ा जा चुका है। आरोपी ने बताया कि वो मोहल्लों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था। बाद में इन्हें चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया है कि बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी भूपेंद्र निवासी शमसाबाद को गिरफ्तार किया है। इसके दो साथियों को पूर्व में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी ने दो माह पहले जगदीशपुरा में फौजी के बंद घर में अपने दो साथियों के साथ चोरी की थी। घर से नगदी और जेवरात चुराए थे। चोरी के बाद तीनों ने माल को आपस में बांट लिया था।
6 लाख 50 हजार रुपए की नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपी को ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा से गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 6 लाख 50 हजार रुपए की नगदी बरामद की है, जो कि इसने आभूषण बेचकर प्राप्त की थी। 1 बटन पीली धातु, 1 मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास है और वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है। चोरी व लूट के 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में की गई कई घटनाओं को कबूल किया है।
उसने बताया कि जब उसे पता चला कि पुलिस ने उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है तो उसने अपने दोस्तों की जमानत के लिए फोन लगाकर वकील से बात की। वकील की फीस और जमानत का इंतजाम करने के लिए वह आभूषण बेचने के लिए आगरा आया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
