15000 सफाई कर्मियों ने एक साथ चलाया महासफाई अभियान
प्रयागराज। महाकुंभ नगर में सोमवार को यानी आज फिर एक गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया, जब 15,000 से अधिक स्वच्छता कर्मियों ने 4 अलग-अलग जोन में एक साथ सफाई का महाअभियान चलाया। उधर, आज भी संगम नोज कुंभ यात्रियों से भरा नजर आ रहा है। पूरे प्रयागराज में भक्तों की बाढ़ से आज होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा स्थगति कर दी गई है। आज दोपहर बाद फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार भी अपने परिवार के साथ पवित्र डुबकी लगाएंगे।
अभियान का आगाज दोपहर 12 बजे 15,000 से अधिक स्वच्छता कर्मियों की उपस्थिति में हुआ। जोन-1 के अंतर्गत प्रयाग क्षेत्र के हेलिपैड पार्किंग (सेक्टर 2), जोन-2 के अंतर्गत सलोरी/नागवासुकी क्षेत्र के भारद्वाज घाट (सेक्टर 7), जोन-3 के अंतर्गत झूसी क्षेत्र में पुरानी जीटी रोड एवं हरिश्चंद्र घाट (सेक्टर 5 और 18) तथा जोन-4 के अरैल क्षेत्र के चक्रमाधव घाट-(सेक्टर 24) में एक साथ किया गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महाकुंभ 2025 हर दिन स्वच्छता में नए मानक गढ़ रहा है। यह धार्मिक समागम स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के लिए समर्पित रहा है, जिससे इसे स्वच्छ महाकुंभ का खिताब मिला है। इससे पूर्व महाकुंभ में ही गंगा की सफाई का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास भी प्रयागराज मेला प्राधिकरण द्वारा किया जा चुका है, जिसके अंतर्गत 300 से अधिक स्वच्छता कर्मियों द्वारा एक साथ विभिन्न गंगा घाटों पर नदी की सफाई का अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया था।
बोर्ड परीक्षा रद, होटल 26 तक फुल
महाकुंभ में स्नान के लिए लगातार लोगों की भीड़ पहुंच रही है। 26 फरवरी को महाकुंभ समापन से पहले लोग संगम में डुबकी लगा लेना चाहते हैं। इसकी वजह से फिर से प्रयागराज में भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के तमाम होटल 26 फरवरी तक फुल हो चुके हैं। अरैल में बनी टेंट सिटी में भी जगह नहीं है। घाटों पर स्नान के लिए लगातार लोग पहुंच रहे हैं। शहर और हाईवे पर जाम के हालत के मद्देनजर आज होने वाली 10वीं और 12वीं की यूपी बोर्ड परीक्षा भी कैंसिल कर दी गई है। यह परीक्षा अब 9 मार्च को कराई जाएगी। वहीं, प्रशासन की ओर महाशिवरात्रि स्नान को लेकर बेहतर प्रबंध किए गए हैं।
भगदड़ की जांच को कुंभ पहुंचा आयोग
प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर भगदड़ मच गई थी, जिसके चलते कई लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे। भगदड़ के वजहों की जांच कराने के लिए योगी सरकार की तरफ से न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। ऐसे में जांच के लिए आयोग सोमवार को प्रयागराज पहुंच गया है। आयोग महाकुंभ मेला क्षेत्र में जाकर भगदड़ के वजहों की पड़ताल करेगा और इसकी रिपोर्ट योगी सरकार को सौंपेगा। महाकुंभ भगदड़ मामले को लेकर योगी सरकार पर समाजवादी पार्टी हमलावर बनी हुई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार योगी सरकार पर भगदड़ में मौतों का आंकड़ा छिपाने का आरोप लगा रहे हैं। यह मामला उन्होंने संसद के बजट सत्र में भी उठाया था।
