बीडी जैन कॉलेज के बाहर छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपियों को भेजा जेल
हिस्ट्रीशीटर का भाई है छेड़छाड़ का मुख्य आरोपी
आगरा। सदर स्थित बीडी जैन महाविद्यालय की छात्राओं से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोपियों को शनिवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने छात्राओं पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की थी। पुलिस ने केस में जान से मारने की कोशिश की धारा लगाई है। वहीं मुख्य आरोपी थाना मंटोला के हिस्ट्रीशीटर का भाई है। उसके खिलाफ आठ केस हैं।
बुधवार दोपहर को सदर स्थित बीडी जैन महाविद्यालय की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की गई थी। बाइक पर तीन युवक आए थे। छात्राओं के शोर मचाने पर गार्ड पहुंचा था। उनके विरोध करने पर आरोपियों ने हमला बोल दिया था। गार्ड की पिटाई लगाई थी। जानकारी पर कॉलेज की शिक्षिकाएं पहुंच गई थीं। कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने पुलिस को शिकायत की। मगर, पुलिस खानापूर्ति करके चली गई थी। अधिकारियों के संज्ञान में आने पर शुक्रवार को एसीपी सदर विनायक भोसले कॉलेज पहुंचे थे।
कॉलेज के आसपास लगाई गश्त: कॉलेज के आसपास पुलिस की गश्त लगाई गई है। जिस समय छात्राओं का कॉलेज आना और जाना होता है, उस समय पुलिस टीम गश्त करेगी। आसपास खड़े मनचलों पर कार्रवाई होगी। कॉलेज की शिक्षिकाओं को एसीपी सदर ने अपना मोबाइल नंबर दिया है। छात्राएं भी अपने स्तर से जानकारी दे सकती हैं। शिकायत पेटिका भी लगाई गई है। मनचलों के खिलाफ छात्राओं को अपनी तरफ से केस नहीं लिखाना पड़ेगा। टीम बनाई, स्कूलों पर रहेंगी तैनात : डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि सिटी जोन में सभी स्कूल-कॉलेज में शिकायत पेटिका लगवाई जाएंगी। पुलिस का एंटी रोमियो स्क्वायड भी तैनात किया जा रहा है। पहले से ही यह व्यवस्था है। इसे और बढ़ाया जा रहा है। थाना स्तर पर भी टीम स्कूल-कॉलेज में जाकर जानकारी लेगी।
