हत्या करने के लिए कई महीने बाद पत्नी को मायके से लाया था आरोपी
मां की हत्या के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है
आगरा। सोमवार को इरादत नगर थाना क्षेत्र के कुर्राचित्तरपुर स्थित गांव करोंधना के मजरा बाग खिन्नी में पत्नी को पति के अवैध संबंधों का विरोध करना भारी पड़ गया। पति ने बच्चों को दुकान से सामान लेने भेज कर पत्नी पर दराती से एक के बाद एक कई प्रहार कर उसकी जान ले ली। इतने से भी आरोपी का मन नहीं भरा तो पति ने पत्नी के पेट पर भी कई प्रहार किये। बच्चों के लौट आने पर भाग गया। इधर घटना की जानकारी होने पर पत्नी के मायके के लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने बमुश्किल स्थिति को संभाला। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
डौकी के गांव वाजिदपुर स्थित आसे का पुरा निवासी पुष्पा उर्फ राधा (32) की शादी 14 साल पहले गांव करोंधना स्थित बाग खिन्नी निवासी केशव कुशवाहा के साथ हुई थी। केशव खेतीबाड़ी करता है। उनके दो बेटे सात वर्षीय मोनू और छह वर्षीय दीपू और एक बेटी आठ वर्षीय मोनिका है। परिजन ने बताया कि पति आए दिन झगड़ा करता था। इस पर पुष्पा बच्चों को लेकर मायके चली जाती थी। कुछ महीने से मायके में ही रह रही थी। शनिवार को केशव ससुराल पहुंचा। पत्नी को घर ले जाने की बात कही। इस दौरान विवाद भी हुआ। तब केशव ने पत्नी को अच्छी तरह से रखने का वादा किया। इस पर रविवार को बच्चे और पत्नी उसके साथ घर आ गए। सोमवार की शाम छह बजे पति घर में आया। उसने बच्चों को रुपये दिए। दुकान से टॉफी लाने भेज दिया। इसके बाद कहासुनी करने लगा। आरोप है कि विरोध पर केशव दरांती ले आया। उसने पुष्पा की गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए। इससे वह गिर गई। उसके गिरने पर भी केशव नहीं माना। उसके पेट पर भी दरांती से कई प्रहार किए। बच्चों के आने पर आरोपी भाग निकला। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। उधर, मायका पक्ष के लोग आ गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। केशव के परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने किसी तरह लोगों को रोका। तब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। डीसीपी पूर्वी जोन अतुल शर्मा ने बताया कि महिला की घर में हत्या की गई है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। हत्या के पीछे पति के अवैध संबंध का विरोध करना बताया जा रहा है। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। परिजन की तहरीर के आधार पर केस दर्ज होगा।
बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजन का कहना है कि केशव पत्नी को हत्या के इरादे से ही ससुराल से लेकर आया था। घर में उसके भाई हरीओम का परिवार भी दूसरे कमरे में रहता है। केशव का भाई घर में नहीं था। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पड़ोसी भी घरों से भागे
घटना की जानकारी पर मायके पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर आए थे। यह देखकर पड़ोसी घरों के लोग भी भाग खड़े हुए। लोगों को लग रहा था कि कहीं उनके साथ मारपीट न कर दें।
