आरोपियों से बरामद हुई सरकारी पिस्टल और कारतूस
आगरा। बाह थाने की बटेश्वर चौकी से चोरी हुई सरकारी पिस्टल पुलिस ने बरामद कर ली है। पिस्टल चौकी पर खाना बनाने वाले प्राइवेट रसोइया ने चुराई थी। आठ हजार रुपये में पिस्टल बेच दी थी। जिसे बेची उसने भी सौदा कर दिया था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से चोरी हुई सरकारी 9 एमएम की पिस्टल और 10 कारतूस बरामद हुए। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
जुलाई 2024 में बटेश्वर चौकी प्रभारी राजाबाबू यादव को आवंटित सरकारी पिस्टल गायब हो गई थी। कई दिन तक उन्होंने तलाश की थी। बाद में बताया था कि पिस्टल उन्होंने थाने के मालखाने में जमा करा दी थी। बाद गायब हुई है। चौकी पर तैनात सिपाही अमित थाने से पिस्टल लेकर आया था। उसने चौकी प्रभारी को नहीं दी थी। मामला संज्ञान में आने के बाद डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा ने चौकी इंचार्ज बटेश्वर राजाबाबू यादव व सिपाही अमित कुमार को निलंबत किया था।
27 जुलाई को दोनों के खिलाफ हेड मोहर्रिर ब्रजेश कुमार ने बाह थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा ने बताया कि चौकी पर खाना बनाने वाले रितिक पर पुलिस को शक था। लंबी छानबीन के बाद पुलिस ने सुराग जुटाए। शुक्रवार को चेकिंग में बाइक सवार तीन युवकों से पिस्टल व
कारतूस मिले। इनको भेजा गया जेल मोहल्ला पजाय बटेश्वर निवासी रितिक व धर्मेद्र उर्फ पिंटू और रामू (झाड़े की गढ़ी, बाह) को पुलिस ने जेल भेजा है।
धर्मेंद्र को आठ हजार में बेची थी
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रितिक, धर्मेंद्र उर्फ पिंटू व रामू बताए। रितिक को पुलिस कर्मी पहचान गए। रितिक ने पुलिस को बताया कि उससे धर्मेंद्र ने हथियार दिलाने को कहा था। उसे रुपये की जरूरत थी। 17 जून को उसने सिपाही अमित के कमरे से पिस्टल चुराई थी। धर्मेंद्र को आठ हजार रुपये में बेच दी। धर्मेंद्र ने पिस्टल रामू को दे दी थी। छह महीने बाद पिस्टल बरामद होने के बाद पुलिस टीम ने बटेश्वर के ब्रह्मलाल जी महाराज की पूजा अर्चना की।
