सुहागनगरी में धूमधाम से निकली भगवान श्रीराम जी की बरात
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद की ऐतिहासिक राम बारात बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्ल्लास के साथ निकाली गई। इस राम बारात में करीब तीन दर्जन झांकियां शामिल रही। जिसमें भगवान श्री राम अपने भाई लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के साथ रथों पर विराजमान रहे।
सुहागनगरी में मयार्दा पुरुषोत्तम भगवान राम की भव्य बरात शोभायात्रा में तीन दर्जन से अधिक झांकियों के साथ निकाली गई। सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से भगवान राम की भव्य बरात शोभायात्रा की शुरूआत नगर विधायक मनीष असीजा, मेयर कामिनी राठौर, जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं एसएसपी सौरभ दीक्षित ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर एवं मुख्य डोले की आरती उतारकर किया। शोभायात्रा में शामिल ऊंट एवं घोड़ों के साथ-साथ विघ्न विनाशक भगवान गणेश का डोला आगे बढ़ना शुरू हो गया। इस डोले के पीछे बैंडबाजों की धुन गूंज रही थी। इसके पीछे काली अखाड़ों का प्रदर्शन के साथ अन्य झांकी शामिल थीं। सबसे अंत में मुख्य डोले पर मयार्दा पुरुषोत्तम भगवान राम,लक्ष्मण के साथ विश्वामित्र के साथ विराजमान थे। मुख्य डोले के आगे श्री सनातन धर्म रामलीला महोत्सव तदर्थ समिति के पदाधिकारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक चल रहे थे। इनमें अध्यक्ष नगर मजिस्ट्रट राजेंद्र कुमार, मेला अधिकारी एवं तहसीलदार सदर कृष्णाराज, डिप्टी मेयर श्याम सिंह यादव,राम बरात संयोजक राजेश शर्मा, डा. मयंक भटनागर, डा. अमित गुप्ता, विजय कुशवाह, नीतेश अग्रवाल जैन, अनूप झा, सत्यवीरगुप्ता, पंडित वीनेश शर्मा, हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया के साथ अन्य पदाधिकारी चल रहे थे। वहीं करबला कमेटी के हिकमत उल्ला खां समेत कई लोगों ने भी राम बरात का स्वागत किया।
