दो दिन की बारिश से ताज खेमा में हादसा, एडीए अधिकारी पहुंचे
अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगाया टेप, शीघ्र ठीक करने का आश्वासन
आगरा। दो दिन हुई लगातार बारिश के कारण ताजमहल के पास ताजखेमा गोल्फ कार्ट स्टैंड में जमीन धंस गई। इस घटना से स्टैंड के एक कोने की टाइल्स और मिट्टी धंस गई। एडीए ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वहां टेप लगाकर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इस क्षेत्र को ठीक किया जाएगा।
घटना गुरुवार दोपहर की है। ताज खेमा पर स्थित गोल्फ कार्ट स्टैंड से पर्यटक ताजमहल के पूर्वी गेट तक जाते हैं। स्टैंड के एक कोने में अचानक जमीन धंस गई। एडीए द्वारा पूरे स्टैंड में लगाई गई टाइल्स भी धंस गर्इं। बताया जा रहा है कि यह पाथवे नाले के ऊपर बना हुआ है। हालांकि नाला सूखा है, लेकिन बारिश के कारण मिट्टी गीली हो गई और धंस गई।
एडीए की कार्रवाई
घटना स्थल के दूसरी तरफ खाली जमीन है, जिससे लोगों को उस दिशा में जाने से रोकने के लिए एडीए ने टेप लगाकर बैरिकेडिंग कर दी है। एडीए के अधिकारी जल्द ही इस क्षेत्र को ठीक कराने की बात कर रहे हैं, ताकि किसी पर्यटक को कोई हानि न हो।
जिस समय यह घटना हुई, वहां कोई भी गोल्फ कार्ट खड़ी नहीं थी। जिस स्थान पर जमीन धंसी, वहां एडीए द्वारा सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया था।
