आरोपियों ने एक किलों सोने को लॉकर में जमा कर रखा था
आगरा। फर्जी कस्टम अधिकारी बन कर सर्राफ के कर्मचारी से दो किलों सोना लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजस्थान और वेस्ट बंगाल का रहने वाले है। आरोपियों ने चोरी के सोना बेच कर एक प्लॉट खरीदा था। बचे सोने को लॉकर में जमा करा दिया था।
जयपुर के पटेल नगर निवासी मनीष सोनी की मंशा ज्वैलर्स के नाम से फर्म है। मनीष ने मार्च 2024 में शाहगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मनीष का कहना था कि जनवरी 2024 में उनका कर्मचारी प्रदीप सिंह निवासी सवाई माधोपुर सोने के जेवरात लेकर कोलकाता गया था।
डील न होने पर वह जेवरात लेकर सियालदाह अजमेर एक्सप्रेस से जयपुर लौट रहा था। कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही दो व्यक्ति ट्रेन में चढ़े। खुद को कस्टम अधिकारी बताया। प्रदीप को चेकिंग के नाम पर ट्रेन से उतार लिया।
जेल भेजने की धमकी दे लिया था सोना
तस्करी का सोना बताते हुए प्रदीप को जेल भेजने की धमकी दी। ईदगाह पुल पर युवकों ने धमकी देकर प्रदीप से जेवरात से भरा बैग, मोबाइल और नकदी छीन ली। मनीष ने इनकम टैक्स के कारण 260 ग्राम से अधिक सोने के जेवरात लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि 260 ग्राम सोना नहीं बल्कि 2 किलो सोना लूटा गया था। जिसकी बाजार में कीमत लगभग सवा दो करोड़ रुपये है।
आरोपी सर्राफ मनीष को पहले से जानते हैं। उन्हें जानकारी थी कि मनीष ने कितना सोना कहां भेजा है। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि लूटे हुए सोने के कुछ भाग को बेचकर अभियुक्तों ने 65 लाख का प्लॉट खरीदा है। एक किलो सोना लॉकर में रखा था। अभियुक्तों के पास से 1.498 ग्राम सोना पुलिस ने बरामद कर लिया है। राजस्थान के रहने वाले है अभियुक्त विष्णु, वीरेंद्र, मक्खन लाल। सभी अभियुक्तों पर गैंगस्टर लगेगी। अभियुक्तों को पकड़ने वाले पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की गई है।
