एक दिन में साल भर से भी ज्यादा हुई वर्षा, ओमान में 18 लोगों की मौत
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के सबसे प्रमुख शहरों में से एक दुबई में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार (16 अप्रैल) को हुई भारी बारिश की वजह से सड़कों, घरों और मॉल में पानी भर गया है। ओमान में भी भारी बारिश ने कहर बरपाया है। बारिश की वजह से यहां 18 लोगों की मौत हो गई है। कई प्रमुख हाईवे और एयरपोर्ट पर पानी भर गया, जिसकी वजह से हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई लोग लापता भी बताए जा रहे हैं।
संयुक्त अरब अमीरात के कई हिस्सों में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक भारी बारिश होती रही, जिसके बाद हालात भयावह नजर आए। राजधानी दुबई में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। भारी बारिश के बीच राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने देश के कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अलर्ट बुधवार शाम 6 बजे तक के लिए जारी किया गया है। खलीज टाइम्स के मुताबिक राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने दुबई, अबू धाबी और शारजाह समेत कई क्षेत्रों में बुधवार तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
50 उड़ानें रद, मेट्रो सेवा बाधित
भारी बारिश और तूफान के कारण दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पानी ही पानी नजर आया। 50 से अधिक उड़ानों को रद्द भी किया गया है। दुबई एयरपोर्ट के एक प्रवक्ता ने कहा कि भीषण तूफानकी वजह से समस्या हुई लेकिन अब रिकवरी मोड में हैं। बारिश के चलते दुबई मेट्रो की रेड लाइन सेवाएं बाधित हुई हैं। कई मेट्रो स्टेशनों पर पानी भर गया। दुबई से अबू धाबी, शारजाह और अजमान की बस सेवाओं पर भी ब्रेक लग गई। हालात से बन गए कि बड़े शॉपिंग सेंटर, दुबई मॉल और मॉल आॅफ एमिरेट्स में भी पानी भर गया।
