527 कट्टे राशन के चावल के साथ मनीष अग्रवाल गिरफ्तार
आगरा। शुक्रवार को पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम ने अछनेरा के नगला बुद्धा रोड स्थित गोदाम में छापा मारकर 527 कट्टे राशन का चावल पकड़ा है। यह चावल ग्राम पंचायत और कस्बों की राशन की दुकानों से इकट्ठा किया गया था। इसके बाद सप्लाई किया जाना था। 263 क्विंटल चावल की कीमत तकरीबन 6 लाख रुपये है। पुलिस ने गोदाम से राशन माफिया सुमित अग्रवाल के जीजा मनीष अग्रवाल को दबोचा है। उससे पूछताछ की जा रही है। राशन का माल सप्लाई करने वाले तीन वाहन भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि राशन में गरीबों को बांटने के लिए भेजा गया चावल कालाबाजारी के लिए गोदाम में स्टोर किया जा रहा था। यहां से राशन का चावल राजस्थान और मध्य प्रदेश तक भेजा जाता है। पिछले दिनों कागारौल, खेरागढ़, रूपवास एवं उससे पहले अछनेरा में पकड़ा गया था लेकिन अछनेरा क्षेत्र के नगला बुद्धा रोड पर कोल्ड स्टोर के सामने स्थित इसी गोदाम से कुछ समय पहले करीब 568 कट्टे राशन का चावल बरामद किया गया था। एसीपी अछनेरा गौरव सिंह ने बताया कि मामले में आपूर्ति विभाग की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार है। इसके बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। पकड़े गए आरोपी मनीष अग्रवाल के खिलाफ वर्ष 2024 में आवश्यक वस्तु अधिनियम में केस दर्ज हुआ था। मनीष को गिरफ्तार किया था। हालांकि कोर्ट से जमानत मिल गई थी। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की नई धारा में कार्रवाई की जाएगी।
चार माह में दूसरी बार छापा
नगला बुद्धा स्थित गोदाम पर 12 सितंबर को पुलिस और आपूर्ति विभाग ने छापा मारा था। साथ ही राशन माफिया के खिलाफ हाल ही में खेरागढ़ एवं कागारौल में भी मुकदमे दर्ज किए गए। राशन माफिया सुमित अग्रवाल और अन्य के खिलाफ राजस्थान के थाना रूपवास (भरतपुर) में भी एक केस दर्ज हो चुका है। खेरागढ़ क्षेत्र के सुमित अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद उसका जीजा मनीष अग्रवाल कालाबाजारी कर रहा था।
गोदाम तक नहीं बदला
राशन के चावल की कालाबाजारी करने वाले सुमित और उसके जीजा मनीष अग्रवाल के खिलाफ छापे के बाद चौथा केस दर्ज होने जा रहा है। पहले के तीन केस थाना अछनेरा, खेरागढ़ , कागारौल और रूपवास में दर्ज हैं।
रास्ते में हुई वाहन से हेराफेरी
माल लोडिंग गाड़ी में गोदाम से करीब 65 कट्टे लादकर भेजे गए। लेकिन रास्ते में कट्टे गायब हो गए। इसकी सूचना राहगीर ने धर्मकांटा पर पुलिस को दी कि रास्ते में कट्टे उतारे गए। लोडिंग गाड़ी को अछनेरा के एक डीलर के यहां उतारा गया तो मौके पर उस गाड़ी में करीब 57 कट्टे पाए गए। एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि बरामद माल आपूर्ति विभाग को सौंपा गया है। जिला पूर्ति अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि राशन का चावल पकड़ा गया है। डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। केस दर्ज कराया जाएगा।
