हादसों को न्यौता दे रही जिम्मेदारों की लापरवाही
आगरा। कोतवाली थाना क्षेत्र की सेठ गली में जिम्मेदारों की लापरवाही से बड़ा हादसा होने से टल गया। बेसमेंट की खुदाई के दौरान बराबर का भवन भरभरा कर गिर गया। गनीमत रही है कि भवन के उस हिस्से में और जहां खुदाई चल रही थी वहां कोई नहीं था, अन्यथा जनहानि हो सकती थी। इससे पहले भी शहर में एक बड़ी घटना हो चुकी है। पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है।
कोतवाली क्षेत्र सेठ गली रावतपाड़ा के भवन संख्या 2/3 में निर्माण किया जा रहा है। बल्केश्वर निवासी मनीष बंसल यहां निर्माण करा रहे हैं। बेसमेंट की खुदाई की जा रही है।
विप्रा से मानचित्र स्वीकृत नहीं है। खुदाई से आसपास के लोग परेशान हैं। एत्मादुद्दौला निवासी रोहित गोयल का कहना है कि इस निर्माण की कई बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन प्राधिकरण के अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की। सोमवार को दोपहर करीब 1:30 बजे यहां निर्माण स्थल के बराबर स्थित लवेश्वर गुप्ता के तीन मंजिला भवन का पिछला हिस्सा ढह गया।
गनीमत रही कि वहां काम कर रहे मजदूर भोजनावकाश पर थे और लवेश्वर गुप्ता के परिवार के सदस्य घर के उस हिस्से में नहीं थे।
यदि वहां कोई होता तो जनहानि हो सकती थी। जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद अनुज शर्मा और थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। ठेकेदार मजदूरों के साथ वहां से भाग गया। पुलिस ने निर्माण स्थल पर ताला लगा दिया।
इस प्रकरण में पीड़ित लवेश्वर गुप्ता की मां स्वदेश देवी ने थाने में तहरीर दी है।
शिकायत को किया अनसुना
शहर की तंग गिलयों में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। इस निर्माण के संबंध में एत्माद्द्दौला निवासी रोहित गोयल ने एडीए वीसी, सचिव, जिलाधिकारी सहित कई अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन एडीए के इंजीनियरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। क्षेत्रीय निवासी अपूर्व शर्मा ने बताया कि विप्रा के कोतवाली और छत्ता वार्ड में धड़ल्ले से खेल चल रहा है। रातों में बेसमेंट की खुदाई की जाती है। कोई शिकायत करता है तो एडीए के इंजीनियर उसका नाम निर्माणकर्ता को बता देते हैं।
