ल्लतेज गति से बाइक चलाने पर रोका तो युवकों ने कर दिया बवाल
पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ दर्ज किया नामजद मुकदमा,दो गिरफ्तार
आगरा। थाना सदर बाजार क्षेत्र के लालकुर्ती में मंगलवार रात को बाइक सवार युवकों ने जमकर बवाल किया। युवकों का तांडव यहीं नहीं रुका। उन्होंने महिलाओं के साथ भी मारपीट की और एक युवक का सिर फाड़ दिया। इतना ही नहीं जब पीड़ित पक्ष रिपोर्ट लिखाने थाना सदर जा रहा था तो रास्ते में भी उन्हें डराया और धमकाया। मामले में सदर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि करीब 9.30 कुछ युवक तेज गति से मोटर साइकिल चलाते हुए लालकुर्ती से गुजर रहे थे। स्थानीय लोगों ने जब युवकों को टोका तो गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद हाथापाई पर उतर आये और वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद 40-50 युवकों का समूह लाठी और ड़डों से लैस होकर आकर और घरों पर पथराव करने लगा। दो गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। शोर की आवाज सुनकर वह स्थानीय लोग बाहर आए तो उनसे जमकर मारपीट की।
इतना ही नहीं युवकों ने महिलाओं और बेटियों को भी नहीं बख्शा। गायत्री नामक महिला के साथ अभद्रता की और बंटी कनौजिया का सिर फाड़ दिया। इस मामले में लालकुर्ती निवासी अनितेश पुत्र राजू ने सदर थाना में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रदीप कुमार के मुताबिक मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया । जिसमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है अन्य की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
