आगरा। सदर थाना पुलिस ने सराफ के पास नकली सोने के सिक्के रखकर रुपये लेने के मामले में टटलू गैंग की एक महिला और आरोपी लाखन को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस को 4 लाख रुपये और सोने का लॉकेट बरामद हुआ है।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि 30 अक्तूबर 2024 को एक सराफ ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया था कि अशोक नाम का युवक उनकी दुकान पर आया और सोने के सिक्के के बदले 50 हजार रुपये ले गया। दूसरे दिन रुपये देकर अपने सिक्के वापस ले गया। इसके बाद में 9 सिक्के के बदले 5 लाख रुपये लेकर गया। उसने यह रकम भी वापस कर दी। यह सिलसिला कई दिनों तक चला, जिससे अशोक पर सराफ ने भरोसा करना शुरू कर दिया।
29 अक्तूबर को अशोक 13 सोने के सिक्के रखकर 7.50 लाख रुपये
लेकर चला गया। इसके बाद वापस नहीं लौटा। इस पर सराफ को शक हुआ और सोने के सिक्कों की जांच कराई। सिक्कों की गुणवत्ता कम निकली। इस पर पुलिस में शिकायत की। थाना सदर प्रभारी के अनुसार गैंग सरगना भाया उर्फ रामकिशन सराफ के पास अशोक बनकर सिक्के रखने गया था। बुधवार रात को सीओडी मैदान के पास से राजस्थान जिला भरतपुर के थाना नदबई के गांव मैना का नगला निवासी आरोपी लाखन और एक महिला को गिरफ्तार किया। यह दोनों भाया उर्फ रामकिशन की गैंग के सदस्य है। पुलिस मुख्य आरोपी भाया और रूप सिंह की तलाश कर रही है।
टटलू गैंग के दो शातिर गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment
