-सर्दी का कहर: उत्तर भारत कोहरे की चपेट में
-100 से अधिक उड़ानें रद्द, ट्रेनें चली घंटों देरी से
-सड़क पर धुंध व कोहरे से ठहर वाहनों के पाहिए
-अगले 48 घंटे में हल्की बारिश की संभावना
आगरा/नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर भारत रविवार को सुबह भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में नजर आया। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक सर्द हवाओं ने कंपकंपी छुड़ा दीं। सुबह घने कोहरे ने मुश्किलें बढ़ी दीं, दृश्यता कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह बाधित रहा। दिल्ली, लखनऊ, जयपुर समेत कई एयरपोर्ट से सुबह 10 बजे तक 100 से अधिक उड़ानें रद्द हुई और देरी से उड़ान भरी। वहीं ट्रेन और वाहनों की गति पर ब्रेक लग गया है। कोहरे के चलते इंडिगो एयरलाइन ने भी एडवाइजरी जारी की है।
रविवार को सुबह घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा-दिल्ली हाईवे समेत अन्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धम गई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर घने कोहरे और धुंध के कारण कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ विमानों से निर्धारित समय से देरी से उड़ान भरी। मौसम खराब होने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय, हवाई अड्डा प्राधिकरण और विभिन्न एयरलाइनों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइनों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि उड़ानों की सही स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलें। रविवार सुबह घना कोहरे के कारण कई उड़ानों की समय समय-सारिणी में बदलाव हो सकता है। कोहरे और धुंध छाने से यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस-वे, आगरा दिल्ली हाईवे, आगरा-कानपुर हाईवे समेत लिंक और सर्विस रोड पर सुबह 9.00 बजे तक वाहन रेंगते नजर आए। वहीं लंबी दूरी की ट्रेन 7-8 घंटे तक देरी से प्लेटफार्म पर पहुंची। ऐसे में एयरपोर्ट,रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर यात्री सर्दी में ठिठुरते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार 22 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले सप्ताह में सर्दी का कहर बढ़ेगा। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड़ में बर्फबारी होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई इलाके में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में एडवाइजरी जारी की है। सर्दी का प्रकोप बढ़ने से आगरा और आसपास के जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार सुबह अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 09 डिग्री रहने का अनुमान है।
