सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप
आगरा। पिनाहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधा शुल्क न देने पर स्टाफ नर्स पर जबरदस्ती डिलीवरी कराने का आरोप है। परिजनों का आरोप है कि लापरवाही से कराई गई डिलीवरी के कारण प्रसूता की ब्लीडिंग शुरू हो गई। इसके चलते महिला बेहोश हो गई। महिला को लेडी लायल हॉस्पिटल में रेफर किया गया। महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
थाना बासौनी क्षेत्र के गांव गोपी का पुरा निवासी 34 वर्षीय ललिता वर्मा पत्नी मेघ सिंह वर्मा को सोमवार दोपहर करीब 1 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिवार की ही रामादेवी और कंठ श्री सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट लेकर पहुंची। शाम तक दर्द बढ़ता रहा। परिजन खुद ही डिलीवरी के लिए लेबर रूम लेकर गए। परिजनों का आरोप है कि केंद्र पर तैनात स्टाफ नर्स पूनम ने डिलीवरी के नाम पर परिजनों से 2500 रुपए की मांग की। परिजनों ने मना किया इस पर नर्स हंगामा करने लगी। लापरवाही में डिलीवरी कराई। ललिता ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद ललिता के ब्लीडिंग शुरू हो गई। हालत बिगड़ती देख लेडी लायल हॉस्पिटल रेफर किया। इसी दौरान परिजनों से सुविधा शुल्क के रूप मे 2500 रुपए भी वसूले गए। सुविधा शुल्क वसूलने के बाद ही परिजनों को आगरा के लिए रेफर पर्ची दी गई।
केंद्र के बाहर ही हुई मौत
एंबुलेंस से आगरा ले जाते समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट के बाहर ही प्रसूता ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट पर तैनात स्टाफ नर्स पर सुविधा शुल्क न देने पर डिलीवरी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पैसे नहीं देने के चलते प्रसूता करीब आधे घंटे तक तेज ब्लीडिंग होने के चलते हॉस्पीटल में ही पड़ी रही। जिसके चलते वह बेहोश हो गई और जमीन पर गिर गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने स्टाफ नर्स पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। एंबुलेंस चालक पर भी एक हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पूरे घटना की शिकायत सीएमओ से की है।
लापरवाही नहीं बरती गई
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉक्टर सुनील कुमार का कहना है कि गर्भवती महिला का सही तरीके से प्रसव कराया गया। लड़का बिल्कुल स्वस्थ है। डिलीवरी के कुछ देर बाद अचानक कॉम्प्लिकेशन हो गए। गंभीर स्थिति होने पर आगरा रेफर किया गया। रास्ते में मौत हुई है। सुविधा शुल्क की अगर कोई बात है तो शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
