रामबाग और वाटर वॉक्स पर बसों की डग्गेमारी
आगरा। अबुल उल्लाह दरगाह कट पर अवैध बस स्टैंड के चलते दो दिन पूर्व हुए आईपीएस अधिकारी का परिवार घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने अवैध बस स्टॉप पर कार्यवाही कर 11 बसों को सीज कर दिया और 27 बसों के चालान काटे। जबकि अधिकारियों और पुलिस कर्मी रामबाग फ्लाई आॅवर और वाटर वॉक्स फ्लाईआॅवर के पास बने कट से अनजान नजर आये। यहां दिन भर बसों का तांडव रहा।
भगवान टॉकीज फ्लाईओवर से आगे अबुल उल्लाह दरगाह के निकट लंबे समय से अवैध बस स्टॉप बना हुआ है। रोडवेज चालक सड़क पर हीं बसों को रोक कर सवारियां भरना शुरू कर देते हैं, जिससे यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। दो दिन पहले ही शुक्रवार की सुबह यहां एक रोडवेज बस चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से उसके पीछे आ रही कार बस से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार मे पुलिस भर्ती बोर्ड के डीआईजी सत्यार्थी अनिरुद्ध पंकज के परिवारीजन थे। इस हादसे में डीआईजी के भाई सत्यव्रत अशोक, उनकी पत्नी शकुंतला देवी और बहन आशा देवी घायल हुए थे। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद भी रोडवेज बस चालकों की मनमानी बंद नहीं हुई। शनिवार को भी अबुल उल्लाह कट पर यात्रियों को बिठाने के लिए बसों का ठहराव जारी रहा।
हाइवे पर नियमित रूप से कार्रवाई
पुलिस को जानकारी मिली तो मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाला और शाम चार बजे तक 11 बसों को सीज कर दिया और 27 बसों के चालान काट दिए। एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया कि हाईवे पर यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती करते हुए उन्हें नियमित रूप से बसों और सवारी भरने वाले अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।
