जनसंदेश की जन चौपाल में स्थानीय नागरिकों ने पार्षद के विकास कार्यों को सराहा
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के सहयोग से हुए कई विकास कार्य
नगर आयुक्त का भी विकास कार्यों में मिल रहा सहयोग
आगरा। जनसंदेश टाइम्स की टीम जन चौपाल कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम के वार्ड 83 राजा मंडी के महाराष्ट्र मंडल चौक पहुंची। पुराने शहर के राजा मंडी क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल में वार्ड 83 की पार्षद मंजू प्रजापति के साथ स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों पर जन संदेश टाइम्स से अपने विचार साझा किये।
नगर निगम के वार्ड 83 में इस बार क्षेत्रीय जनता ने भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिन्ह पर पहली बार चुनाव मैदान में आई मंजू प्रजापति को अपना पार्षद चुना।
गौरतलब है कि इससे पूर्व मंजू प्रजापति के पति राजेश प्रजापति गोकुलपुरा क्षेत्र से नगर निगम सदन में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
सुबह-शाम जनसंपर्क को निकलतीं हैं पार्षद मंजू प्रजापति
राजा मंडी क्षेत्र से पार्षद मंजू प्रजापति की लोकप्रियता की एक बजह यह भी है कि वह अपने क्षेत्र में सुबह और शाम नियमित रूप से सतत संपर्क के लिए प्रतिदिन निकलती हैं। अपने पति पूर्व पार्षद भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष राजेश प्रजापति के साथ क्षेत्र की समस्याएं और क्षेत्रीय लोगों से संवाद और उसके बाद समस्याओं के समाधान में सरलता होती है।
कूड़े के डलाबघर की जगह बने सेल्फी प्वाइंट
शहर के पुराने इलाके राजा मंडी के कई क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से कूड़े के ढेर की वजह से डलाबघर बना हुआ था। मुख्य मार्ग के नजदीक कूड़े के ढेर होने की वजह से स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। इस बार स्थानीय पार्षद के प्रयास से इस डलाब घर को हटाकर सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित किया गया है यहां पर इंटरलॉकिंग सड़क के साथ पार्क का भी सौंदर्यीकरण कराया गया है।
राजा मंडी में बन रहा सामुदायिक भवन
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजा मंडी के कई इलाके में मलिन बस्ती भी है जिसकी वजह से लोगों को छोटे-मोटे कार्यक्रम करने के लिए परेशानी होती थी अब पार्षद के प्रयास से क्षेत्र में सामुदायिक भवन का निर्माण हो रहा है। जिससे आम लोगों को आगामी दिनों में बड़ी राहत मिलेगी।
यह हुए विकास कार्य
करीब 2 करोड़ रुपए के अभी तक हुए विकास कार्य
पार्कों का हुआ सौंदर्यीकरण
दो बड़े डलाबघर हटाकर क्षेत्र में दिया स्वच्छता का संदेश
नाले सहित आठ पुलियाओं का कराया निर्माण कार्य
सेंट जॉन्स लोहा मंडी मुख्य मार्ग को आदर्श रोड के रूप में कराया जा रहा विकसित
यह समस्याएं आज भी बरकरार
कई क्षेत्रों में सफाई कर्मियों की कमी की वजह से लगे रहते हैं कूड़े के ढेर
राजा मंडी के कई इलाकों में शुद्ध पेयजल आज भी समस्या बना हुआ है
बारिश के दिनों में नाले चौक होने की वजह से कई क्षेत्रों में होता है जल भराव

-मैं कोई नेता नहीं जनता की सेवक हूं जनता ने मुझे अपना आशीर्वाद दिया है क्षेत्र की समस्याओं का सतत समाधान करना मेरा कर्तव्य है। सड़क नाली इंटरलॉकिंग पार्कों का सौंदर्यीकरण खंबों पर स्ट्रीट लाइट जैसे कार्य नियमित रूप से कराए जा रहे हैं अभी भी कुछ समस्याएं हैं जिनका जल्द ही समाधान कराया जाएगा। क्षेत्र के लोगों की सबसे बड़ी समस्या सीवर और पानी की है जल्द ही जन् प्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों को इस मूलभूत समस्या से रूबरू कराया जाएगा। भविष्य में वार्ड 83 राजा मंडी को नगर निगम में और आगरा शहर में आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करना मेरा सपना है जनता के सहयोग से मैं इस कार्य को करने के लिए सदैव प्रयासरत हूं। -मंजू प्रजापति पार्षद वार्ड 83 राजा मंडी।

-उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के सहयोग से कई विकास कार्य हुए हैं। नगर आयुक्त का भी विकास कार्यों में पूरा सहयोग मिलता है। क्षेत्र की कुछ समस्याएं और हैं जिनके समाधान के लिए सतत प्रयास कर रहे हैं जल्द समस्याओं का समाधान होगा और राजा मंडी क्षेत्र को स्मार्ट वार्ड के रूप में विकसित करना मेरा लक्ष्य है। -राजेश प्रजापति मंडल अध्यक्ष भाजपा
