जगनेर में स्वास्थ्य केन्द्र की बदहाली से आमजन परेशान
सीएचसी प्रभारी ने कहा, हादसे के वक्त अस्पताल में बेड फुल थे, घटना दुर्भाग्यपूर्ण है
आगरा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर उजागर हुई है। जगनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक घायल महिला को बेड तक नसीब नहीं हुआ और वह जमीन पर पड़ी हुई नजर आ रही है।
बताते हैं कि महिला की बाइक दुर्घटना में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जगनेर सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल में न तो स्ट्रेचर की व्यवस्था थी और न ही खाली बेड। लाचार परिजनों ने महिला को जमीन पर लेटा दिया और इमरजेंसी सेवाओं के लिए गुहार लगाई। इस दौरान किसी स्वास्थ्यकर्मी ने महिला की सुध नहीं ली। मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में घायल महिला दर्द से कराहती दिख रही है। परिजन डॉक्टरों और कर्मचारियों से इलाज के लिए मिन्नतें करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जगनेर सीएचसी में सुविधाओं का अभाव रहता है। यहां दवाएं नहीं मिलती है। इमरजेंसी सेवाओं के लिए आगरा जाना पड़ता है। इस मामले पर सीएचसी प्रभारी का कहना है कि हादसे के वक्त अस्पताल में बेड फुल थे। घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी।
उधर, आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
