प्रभारी निरीक्षक कक्ष से लेकर हवालात तक में भर गया पानी
हाथ में जूते लेकर पानी में घूमते नजर आये पुलिसकर्मी
आगरा। दो दिन हुई तेज बारिश ने शहरवासियों को गर्मी से राहत को दी लेकिन पुलिसकर्मियों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। पुलिस को एक दिन तक अपने ही थाने में बंद रहना पड़ा। सदर थाने में एक-एक फीट पानी भर गया। थाना कार्यालय, हवालात, इंस्पेक्टर कार्यालय और आवास में पानी भर गया। पुलिस कर्मियों को जूते उतारकर नंगे पैर थाने में घूमना पड़ा। नगर निगम से मदद ली गई। गाड़ी ने आकर इंस्पेक्टर आवास और कार्यालय से पानी बाहर निकाला।
सदर थाना सड़क से नीचे है। बारिश हुई तो सड़क का पानी बहकर थाना परिसर में आ गया। पहले थाना परिसर में पानी भरा। लगातार बारिश होती रही। इस वजह से एक-एक फीट पानी भर गया। पुलिस को पहले लगा कि बारिश रुकने पर पानी उतर जाएगा। ऐसा नहीं हुआ। पानी इंस्पेक्टर कार्यालय और आवास तक में घुस गया। थाना के पीछे पुलिस आवास भी हैं। पुलिस कर्मियों के परिजन घरों में कैद हो गए। पुलिस को डर लगने लगा कि करंट नहीं फैल जाए। बिजली बंद की गई। नगर निगम को सूचना दी गई। एक गाड़ी आई । उसकी मदद से कुछ पानी निकाला गया। इंस्पेक्टर सदर विजय विक्रम सिंह ने बताया कि नाली न होने की वजह से दिक्कत हुई। दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। इस वजह से पानी भर गया है। बारिश के दिनों में सदर थाना परिसर में इसी तरह पानी भरने लगा है।
