कई शिकायत के बाद भी लापरवाह प्रभारियों पर नही हो रही कार्यवाही
आगरा। पुलिस आयुक्त ने चार्ज लेते ही थाना प्रभारियों को चेतावनी देकर फरियादियों को परेशान न करनी की हिदायत दी थी। लेकिन थाना चौकियों से फरियादी मायूस लौट रहे है। अधिकारियों के यहां फरियादियों की भीड़ लग रही है।
अप्रेल में चार्ज लेते ही पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अधिनस्थों के साथ मीटिंग की थी। मीटिंग में अधिनस्थों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मी थानों में आने वाले हर पीड़ित की सुनवाई करें, इसके लिए मॉनिटरिंग की जाएगी। पुलिसिंग बढ़ाई जाएगी। महिला अपराध में त्वरित कार्रवाई के लिए महिला हेल्प डेस्क और महिला थानों को प्रभावी किया जाएगा। लापरवाह पुलिसकर्मी दंडित होंगे। रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी। लेकिन थाना,चौकी प्रभारियों के कान पर जू तक नहीं रेंगी। एसीपी,डीसीपी के आॅफिस पर फरियादियों की भीड़ लग रही है। थाना प्रभारियों पर मुकदमा दर्ज न करने के आरोप लग रहे है। चौकियोें से फरियादियों का मायूस लौटना पड़ रहा है। चौकियों पर पीड़ितों को ही बिठाया जा रहा है।
घटना-1 बोदला चौकी की शिकायत लेकर पीड़िता पुलिस आयुक्त से मिली थी। दबंगों ने साइकिल चोरी का आरोप लगाकर नाबालिग को पेड से बांध कर पीटा था। बंधक बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। नाबालिग की मां शिकायत करने चौकी पर गई थी। चौकी इंचार्ज को बंधक बनाकर यातनाएं देने का आरोप लगाया था। चौकी इंचार्ज ने वीडियो डिलीट कर नाबालिग को ही देर रात तक चौकी पर बैठाये रखा था। आरोप लगाया चढ़ावे के बाद देर रात को नाबालिग को छोड़ा था। चौकी थाने से दबंगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित की मां ने पुलिस आयुक्त को घटना साक्ष्यों के साथ बताई। तब पुलिस आयुक्त की आदेश के बाद दबंगों पर मुकदमा दर्ज हुआ। मामले में चौकी इंचार्ज जांच के नाम पर कार्यवाही से बच गया।
घटना-2 शाहगंज थाने पर कई दिन से चक्कर काट रही दुष्कर्म पीडिता को थाने से मायूस होकर लौटना पड़ा। तब दुष्कर्म पीड़िता को किसी ने पुलिस आयुक्त से शिकायत करने को कहा। पुलिस आयुक्त से पीड़िता ने शिकायत की। पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद पीड़िता की शिकायत पर आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ डरा धमका कर दुष्कर्म करने ब्लैकमेल करने के अलावा धर्म परिवर्तन कराने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है।
घटना-3 शाहगंज थाना क्षेत्र में 11वीं के छात्र को दोस्त घर से बुलाकर ले गये। दोस्तों ने छात्र को बेरहमी से पीटा। छात्र के कई गंभीर चोट आई। छात्र के पिता से शाहगंज पुलिस ने एनसीआर खिलने केलिए भी कई चक्कर कटवाये। आखिर परेशान होकर पीड़ित पिता को पुलिस आयुक्त के यहां गुहार लगानी पड़ी।
घटना-4 कोतवाली थाना क्षेत्र की महिला दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने के लिए पिछले दो महीने से थाने के चक्कर लगा रही है। लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। महिला को आठ महीने की प्रेगनेंट है। दो बार मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर चुकी है। लेकिन थाने आईजीआरएस पर भी कोई कार्यवाही नही की गई है।
