दोनों परिवारों के बीच 30 साल से थे संबंध
पहले तो पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी
आगरा। सुल्तानगंज की पुलिस निवासी युवक का चार दिन बाद हाथरस के सहपऊ में एक कूएं में शव पड़ा मिला। पुलिस ने परिवार के तहरीर पर 30 साल से दुकान पर दूध देने आ रहे दूधिये और उसके पुत्र को हिरासत में लेकर शव बरामद किया था। शव घर आने से पूर्व परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर रोड जाम किया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हे जेल भेजेगी।
सुल्तानगंज की पुलिया पर रहने वाले देवेंद्र प्रजापति बल्केश्वर में मिठाई व चाट आदि का काम करते हैं। बेटा कुनाल (20) भी उनके काम में हाथ बंटाता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि कुनाल 27 जून की सुबह 11 बजे घर से स्कूटर लेकर निकला था। कुछ देर में आने की कहकर गया था। काफी देर तक नहीं लौटा तो मां विरमा देवी ने कॉल किया। उसने बताया कि वह शिवम के साथ हाथरस रोड पर आया है, पता नहीं यह लोग कहां ले जा रहे हैं, कहीं मार नहीं दें। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया।
हत्या की वजह पूछने पर चुप रहा आरोपी
पुलिस ने हिरासत में लिए प्रधान पप्पू यादव और उसके पुत्र से पूछताछ की पहले तो आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों की निशान देही पर शव बरामद किया। हत्या की वजह पूछने पर आरोपियों ने चुप्पी साध ली थी। मामले में एसीपी हरिपर्वत विनायक भोसले का कहना है कि 28 जून को एक गुमशुदगी दर्ज की गई थी। परिजनों के शक पर दो लोगों का हिरासत मे लिया था। आरोपियों की निशान देही पर मृतक का शव हाथरस के सहपऊ से बरामद किया था। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आठ महीने से दुकान संभाल रहा था कुणाल
कुनाल के दो भाई और दो बहनें हैं। वह सबसे बड़ा था। पिता का 8 माह पहले एक्सीडेंट हो गया था। इससे वह कारोबार संभाल रहा था। बहन दीक्षा, मां विरमा देवी को जब भाई की हत्या का पता चला तो वे बेहोश हो गईं। परिजन ने बताया कि चार दिन से घरवाले सो नहीं पाए हैं। सभी कुनाल को खोज रहे थे।
