शहीद नगर में सड़क फुटपाथ पर किचन-काउंटर
खुले में मांस और गैस सिलेंडरों से संचालित रेस्टोरेंट
सिक्कों की खनक के आगे धड़ल्ले से हो रहा नियमों का चीरहरण
आगरा। पुलिस और नगर निगम ने शिकायत के बाद कई बार शहीद नगर की सड़कों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। बुलडोजर लेकर पहुंची नगर निगम की टीम ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त किया। अभियान का असर शाम को बाजार खुलते ही खत्म हो गया। रेस्टोरेंट संचालकों ने पुन्ह फुटपाथ और सड़कों पर कब्जा कर लिया है।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चल रहे प्रशासनिक दावे दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। शहर के कई थाना क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण की भेट फुटपाथ चढ़ गये। सदर के शहीद नगर,एत्माददौला के ट्रांस यमुना, ट्रासयमुना थाना क्षेत्र के टेड़ी बगिया और न्यू आगरा के दयालबाग रोड़ पर ठेल-ढकेल की भेट फुटपाथ चढ़ गये है। आपकों बतादें कि थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला शहीद नगर तिराहा और आस-पास का क्षेत्र अवैध कब्जे और खुले में मांस की बिक्री का गढ़ बन चुका है। रात होते ही यहां की सड़कें पूरी तरह मांसाहारी रेस्टोरेंट्स के कब्जे में आ जाती हैं। दुकानदार न केवल फुटपाथ पर काउंटर लगाते हैं, बल्कि सड़क के बीचोंबीच वाहन खड़े कर ग्राहकों को वहीं बैठाकर खाना परोसते हैं। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या बन गई है।
एक महीने पहले चला था बुल्डोजर
शहीद नगर में फुटपाथ घेरने की शिकायत पर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बुल्डोजर चलाकर फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया था। फेस वन में कार्रवाई करने के दौरान रेस्टोरेंट संचालक महिला ने नगर-निगम के कर्मचारियों पर पैसों के लिए कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। हंगामा हुआ था। लेकिन उसके बाद भी रेस्टोरेंट के बाहर सड़क पर कब्जा रहता है।
