कथित मां के उत्पीड़न के बाद घर से भाग कर आई बालिका ने पुलिस से लगाई थी मदद की गुहार
बालिका से दुष्कर्म और उत्पीड़न करने वाले पांच और आरोपियों की तलाश में पुलिस
आगरा। नौ साल की बालिका को गलीच धंधे में धकेलने और उसका शारीरिक शोषण करने के मामले में पुलिस ने महिला सहित चार आरोपियों को जेल भेजा है। पूछताछ में पांच अन्य आरोपियों के नाम सामने आये है। इनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को पता चला है कि राजस्थान से संचालित गिरोह ने बालिका को बेचा था। महिला उसकी कथित मां बनकर उससे जबरन गलत काम करा रही थी।
रामबाग निवासी युवक को ग्वालियर मार्ग पर एक बालिका मिली थी। वह मदद की गुहार लगा रही थी। इस पर वो उसे पुलिस के पास लेकर गए थे। बालिका ने आरोप लगाया कि उसकी कथित मां उससे देह व्यापार कराती है। विरोध पर पीटा जाता है। सिगरेट से दागते हैं। उसे यातनाएं दी जा रही हैं। वह मुश्किल से भागकर आई है। बालिका की आपबीती सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। एसीपी हेमंत कुमार ने बताया कि कथित मां गीता, मोहित, दिलीप कुमार और शोहिल के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, पाक्सो एक्ट सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने गीता के बाद उसके पति मानिकचंद, बालिका से दुष्कर्म करने वाले बेटे अमित और 60 हजार रुपये में बेचने वाले राजपुर चुंगी, आनंद नगर निवासी कुनाल उर्फ राहुल उर्फ जोनी को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ ही कुनाल की पत्नी शालू और गीता के दूसरे बेटे का भी नाम सामने आया है। इन सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है।
राजस्थान से जुड़े हैं गिरोह के तार
पुलिस को पता चला है कि मानव तस्करी गिरोह के महेंद्र (जयपुर) ने दो साल पहले बालिका को बेचा था। ऐसे में एक टीम को जयपुर (राजस्थान) भी भेजा गया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि बालिका को खरीदने के बाद गीता के बड़े बेटे ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वह ग्राहकों को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म कराने लगी। गीता के कृत्य का पता नहीं चले, इसके लिए वह किसी पड़ोसी से बात नहीं करती थी। दो पतियों से विवाद होने पर गीता ने उन्हें छोड़ दिया था। तीसरा पति मानिकचंद अपराध में उसका सहयोग कर रहा था। उनके दोनों बेटे बालिका को यातनाएं देकर देह व्यापार कराते थे।
बच्ची की होगी काउंसिलिंग
बालिका दहशत में है। वह हर अंजान व्यक्ति को देखकर डर रही थी। उसे बाल कल्याण समिति ने बाल गृह में आश्रय दिलवाया है। उसकी काउंसिलिंग की जाएगी। गृह में पहुंचने के बाद मंगलवार को बालिका का डर कम होने लगा। कर्मचारी उससे बात करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे उसका डर निकल सके।
ये बोले पुलिस कमिश्नर
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि बालिका से देह व्यापार के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया गया है। मानव तस्करी का मामला भी सामने आ रहा है। इस पर पड़ताल की जा रही है। सभी पर कार्रवाई होगी।
