पत्नी ने दिल्ली के हार्डवेयर कारोबारी पति पर दर्ज कराया मुकदमा
तांत्रिक द्वारा दी गुड़िया न मिलने पर कारोबारी ने काट दी बेटी के हाथ की नस
आगरा। दिल्ली के हार्डवेयर कारोबारी पर पत्नी ने गंभीर आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पत्नी के अनुसार पति तांत्रिकों के संपर्क में आकर तंत्र क्रिया करता है। निर्वस्त्र कर डंडों से पीटता है। वह बच्चों के साथ आगरा में मायके रहने लगी। पीछे से घर आकर आरोपित बेटे -बेटी को लेकर दिल्ली चला गया। वहां तांत्रिक द्वारा दी गई गुड़िया न मिलने पर बेटी के हाथ की नस काट दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुकदमा वजीरपुरा की मंजू ने दर्ज कराया है। पुलिस को बताया है कि उनकी शादी तीन मार्च 2002 को भजनपुरा दिल्ली के रोहित आर्य से हुई थी। पति की ग्लास एवं एल्यूमीनियम बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। प्रतिमाह 12 से 14 लाख रुपये की आमदनी है। उनके 20 वर्ष का बेटा और 18 वर्ष की बेटी है।
तांत्रिकों के चक्कर में रहता है: आरोपित पति रोहित तांत्रिकों के चक्कर में रहता है। तंत्र क्रिया के लिए मारपीट करता है। निर्वस्त्र कर पीटता है। 2018 में परेशाान होकर दिल्ली में पुलिस से शिकायत कर वह आगरा मायके चली आई। उससे परेशान होकर बेटी और बेटा भी उसे छोड़ कर आगरा आकर रहने लगा। इसके बाद आरोपित उनकी गैरमौजूदगी में घर आया और परिवार वालों से बातकर दोनों बच्चों को लेकर दिल्ली चला गया। दिल्ली में बीते वर्ष दीपावली से पहले वह सिंदूर लगी एक गुड़िया लेकर अपने घर आया। दीपावली की रात तंत्र क्रिया करने के लिए गुड़िया ढूंढने लगा। न मिलने पर बेटी की पिटाई कर हाथ की नस काट दी।
आरोपित ने मारपीट की
बेटी के फोन करने पर वह अपने भाई,भाभी और बहन के साथ बेटी को लेने गई। आरोपित ने मारपीट कर दी। पुलिस को फोन करके बुलाया पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोपित बेटी के शैक्षणिक दस्तावेज रखे हुए है और उसकी पढ़ाई भी छुड़वा दी है। आरोपित से बेटी-बेटे को मुक्त करवा कर ले आई तो अब वह तीनों को जान से मरवाने की धमकी दे रहा है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत प्रदीप कुमार ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
