अवैध संबंधों के शक में सिर पर प्रहार कर पत्नी को मार डाला
चीखने लगी बेटी तो उसका भी रेत दिया गला
आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के खतैना में पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी अब्दुल रशीद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तीसरा निकाह किया था। उसे शक था कि पत्नी के किसी और से भी संबंध हैं। इसी शक में उसने पत्नी और बेटी की हत्या कर दी।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि 9 अप्रैल को शबीना और इनाया के शव घर के अंदर एक कमरे में मिले थे। दुर्गंध आने पर लोगों को पता चला था। केस दर्ज कर अब्दुल रशीद की तलाश की जा रही थी। बृहस्पतिवार रात बिचपुरी-पथौली मार्ग पर जब एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुल रशीद बताया।
अब्दुल रशीद मार्बल कारीगर है। उसने 8 नवंबर 2024 को शबीना के साथ निकाह किया था। वह उम्र में छोटी थी। उसके पहले पति से बेटी इनाया थी। शबीना की बहन किरावली में रहती है। बहन को 5 अप्रैल को शबीना ने कॉल किया था। खुद को परेशान बताया था। इसके बाद कॉल कट गया था।
पत्नी के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी शिकायत
शबीना के परिजनों ने बताया कि पिता इसरार कहरई, ताजगंज में रहते थे। मगर, 1 साल पहले मकान बेचकर बदायूं चले गए थे। वहीं पर परिवार रहता है। बड़ी बेटी शबनम किरावली में रहती है। छोटी शबीना की दूसरी शादी करने किरावली आए थे। अब्दुल रशीद का पहली पत्नी से विवाद हो गया था। दूसरी पत्नी की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई थी।
छत्तीसगढ़ भाग गया था
अब्दुल रशीद ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद वह छत्तीसगढ़ भाग गया था। वहां मजदूरी करता था। बाद में काम मिलना बंद हुआ तो खाने को कुछ नहीं बचा। इससे वापस आ गया। उसने बताया कि पत्नी अक्सर फोन पर बात करती थी। खाना भी नहीं बनाती थी। उसे शक था कि शबीना के किसी और व्यक्ति से संबंध हैं।
पत्नी के सिर पर मारे डंडे, ब्लेड से रेता बेटी का गला
5 अप्रैल को उसका शबीना से झगड़ा हुआ। गुस्से में उसने डंडे से उसके सिर पर कई प्रहार किए। यह देखकर बेटी चीखने लगी। इस पर घर में रखे ब्लेड से बेटी का गला रेत दिया। कमरे में दोनों के शव बंद कर भाग गया था।
