सरकार के आठ वर्ष होने पर विकास कार्याे की प्रदर्शनी का करना है उद्घाटन
राजामंडी स्थित दरिया नाथ मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम में कर रहे शिरकत
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा में लगभग 3 घंटे रहेंगे। इस दौरान वे 2 कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पहले वे राजामंडी स्थित दरिया नाथ मंदिर जाएंगे। यहां धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद धर्मसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रदेश में योगी सरकार के 8 साल पूरे होने पर जीआई सी मैदान पर आयोजित प्रदर्शनी देखेंगे। यहां भी लोगों को संबोधित करेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर 12 बजे गोरखपुर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से 12.20 मिनट पर राजा मंडी स्थित सिद्ध श्री दरियानाथ जी मंदिर पहुंचेंगे। वो एक घंटे मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वो यहां से 1.30 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। यहां पर वो 2.30 मिनट तक रहेंगे। सरकार के 8 साल पूरे होने पर वो सभा को संबोधित करेंगे। 2.30 बजे जीआईसी मैदान से निकलकर 2.45 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
दरिया नाथ मंदिर पर हाई सिक्यूरिटी
मुख्यमंत्री राजामंडी स्थित दरियानाथ मंदिर में आयोजित शंखाढाल कार्यक्रम में शामिल होने से पहले सीएम योगी मंदिर परिसर में स्थित 500 साल पुरानी बाबा भैरवनाथ की मूर्ति के दर्शन करेंगे। वे यहां पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही दूर-दराज से आए साधु-संतों के साथ मंथन भी करेंगे। धर्मसभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर में प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।
प्रदर्शनी में दिखेगी विकास की गाथा
प्रदेश में भाजपा सरकार को 8 साल पूरे होने पर जीआईसी मैदान पर प्रदर्शनी आयोजित की गई है। जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदर्शित की गई हैं। मुख्यमंत्री पहले इनका अवलोकन करेंगे। इसके बाद यहां आयोजित सभा को भी संबोधित करेंगे।
अंतिम क्षणों तक दीवार चमकाने में लगे रहे अधिकारी
दोपहर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आना तय है। उनकी नाराजगी से बचने से लिए जिम्मेदार किसी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। जिम्मेदारों ने ठेकेदारों को दीवार चमकाने का ठेका दिया है। जिसके लिए मुख्यमंत्री के आने से एक घंटे पहले तक शहर की दीवारों पर रंगाई पुताई का काम चलता रहा।
500 साल पुराना है दरियानाथ मंदिर
आगरा। देश के कई मंदिरों का इतिहास काफी प्राचीन और रोचक रहा है। यहां राजाओं से लेकर आज के हुक्मरान तक माथा टेकते रहे हैं। इस तरह ये धार्मिक स्थल राजशाही के लोकतंत्र में बदलने की यात्रा के गवाह रहे हैं। राजा मंडी स्थित 500 साल पुराना दरिया नाथ मंदिर भी उन्हीं में से एक है। यहां बुधवार को नाथ संप्रदाय के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गोरक्ष पीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष शंखढाल कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस ऐतिहासिक मंदिर का संबंध मुगल बादशाह अकबर से भी जुड़ा है। जिन्होंने यहां आकर शीश नवाया था।
चमत्कार देख चकित रह गए थे अकबर
माना जाता है कि जब आगरा भयंकर अकाल से जूझ रहा था, तब अकबर ने मंदिर के तत्कालीन महंत से आशीर्वाद लिया था। कथाओं के अनुसार, जब अकबर मंदिर पहुंचे तो महंत दीवार पर बैठे थे और जैसे-जैसे वे आगे बढ़े, दीवार भी उनके साथ चलने लगी। इस अद्भुत दृश्य को देखकर अकबर चकित रह गए।
राजा मंडी बाजार कराया बंद
पुलिस ने मुख्यमंत्री आगमन तक राजा मंडी बाजार बंद रखने की व्यापारियों से अपील की है। मंदिर जाने वाले रास्ते में दुकानों के बाहर नाथ संप्रदाय के महंतो ने ढेरा डाल लिया है। सुबह से ही नाथ संप्रदाय के पीठाधीश्वर से मिलने के लिए साधू संत उत्सुक दिखे।
सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम
कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम होगा । मुख्यमंत्री की प्रोटोकॉल के साथ दो हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात रहे। एक सिपाही, पांच सौ से अधिक सब इंस्पेक्टर, करीब 5 दर्जन इंस्पेक्टर के अलावा एसीपी, एडीसीपी और डीसीपी सुरक्षा में लगाये गये है। मुख्यमंत्री के आगमन पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। पूरी जनसभा की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से होगी। हर आने वाले व्यक्ति को मेटल डिटेक्टर से होकर ही गुजरना होगा।
आने से पहले ही पूरा शहर हुआ जाम
बुधवार को मुख्यमंत्री आगमन के कार्यक्रम से पूर्व लोगों को जाम से बचाने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन किया। लेकिन मुख्यमंत्री आगमन से पूर्व ही रूट डायवर्जन फेल हो गया। शहर की सड़के जाम से हाफती दिखाई दी। इस दौरान एमजी रोड से लेकर लिंक रोड तक जाम रहे। पहले पुलिस ने रूट डायवर्ट किया सुभाष पार्क व नालबंद से कोई भी वाहन शाहगंज, कोठी मीना बाजार की ओर नहीं जा सकेगा। व्यवस्था को लागू कराने के लिए जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एसीपी ट्रैफिक अरीब अहमद ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आमजन को कोई परेशानी न हो इसके लिए रूट डायवर्ट किया गया है। सुभाष पार्क व नालबंद से कोई भी वाहन कोठी मीना बाजार व शाहगंज की ओर नहीं जा सकेंगे। इस रूट के वाहन कलक्ट्रेट तिराहे होते हुए जाएंगे। इसी तरह रुई की मंडी से वाहन लोहामंडी चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। वाहन बोदला चौराहे होते हुए जाएंगे। एसीपी लोहामंडी कार्यालय से कोई भी वाहन सुभाष पार्क और नालबंद की ओर नहीं आएंगे। वाहन रुई की मंडी होते हुए जाएंगे। वहीं मदिया कटरा, लोहामंडी से जाने वाले सभी वाहन हरीपर्वत एमजी रोड होकर गुजरेंगे। लोहामंडी चौराहे से वाहन शाहगंज चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। वाहन बोदला चौराहे से गुजारे जाएंगे।
