घायल लगाते रहे गुहार, भीड़ तेल लूटने में लगी
आधा घंटे बाद पहुंची पुलिस और राहत टीम
तड़के डौकी के पास रिफाइंड से भरा टैंकर बस से टकराया
आगरा। आगरा- लखनऊ एक्सपे्रस-वे पर फतेहाबाद क्षेत्र के डौकी पर बस और रिफाइंड से भरे टैंकर में जोरदार भिडंत हो गई। हादसे के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे, ग्रामीणों की भीड़ घायलों की मदद के स्थान पर टैंकर से रिफाइंड लूटने में जुट गई। चंद मिनटों पर दर्जनों की संख्या लोग हाथों में वल्टी और बोतल लेकर टैंकर से रिफाइंड लूटने में जुट गए। इस दौरान घायल सवारियां मदद की गुहार को चीख्ती रहीं। खबर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की लाठी चलाकर खदेड़ा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे में दो घायल सवारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह7.30 बजे लखनऊ की तरफ से आगरा आ रही सवारियों से भरी बस थाना फतेहाबाद क्षेत्र के डौकी इलाके में आगे चल रहे रिफाइंड से भरे टैंकर से जा टकराई। हादसे के बाद बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। वहीं बस की टक्कर से टैंकर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें से रिफाइंड निकलने लगा।
बताया जाता है कि हादसे की जानकारी पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों से टैंकर से रिफाइंड निकलता देखा तो मदद की जगह घरों से वल्टी, बोतल और ड्रम लेकर पहुंच गए। टैंकर से रिफाइंड लूटने को लेकर हंगामा होने लगा। इस दौरान घायल सवारियां मदद के लिए गुहार लगाती रहीं। घायलों के अनुसार चंद मिनटों पर करीब 100 से अधिक लोग रिफाइंड लूटने की होड में लग गए। खबर मिलने पर करीब एक घंटे के बाद पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बल प्रयोग कर रिफाइंड लूट रही भीड़ को खदेड़ा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि हादसे में दो सवारियों गंभीर रूप से घायल है, जबकि आधा दर्जन को प्राथमिक उपचार दिया गया है। दुर्घटना में बस का आगे का हिस्सा और टैंकर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया हो गया, जबकि लाखों का रिफाइंड सड़क पर फैल गया।
