दो परिवारों में चल रही है पुरानी रंजिश
दबंगों के इशारे पर काम करने का आरोप
आगरा। खेरागढ़ के गांव रसूलपुर में दो पक्षों में चल रही पुरानी रंजिश के चलते सोमवार को डीसीपी पश्चिम के आॅफिस के बाहर हंगामा हुआ। दंपति रोते-रोते फर्श पर लेट गए। पुलिस पर भाई को हत्या के मुकदमे में फर्जी फंसाने की आरोप लगाया। पुलिस ने ग्रामीण के भाई को दोपहर में हत्या के मुकदमे में जेल भेज दिया।
कलक्ट्रेट स्थित डीसीपी पश्चिम के कार्यालय के बाहर आए दंपति ने बताया कि उनकी बेटी के साथ दुराचार हुआ था। पुलिस ने तीन युवकों को जेल भेजा। घटना में 15 वर्षीय बेटा गवाह था। गवाही से पहले उसकी हत्या कर दी गई। दूसरे पक्ष के चोब सिंह की लाश दिसंबर 2024 में कागारौल नहर में मिली थी। हत्या के मुकदमे में भाई रामगोपाल को नामजद किया गया। समझौता न करने के चक्कर में पुलिस दबंगों के इशारे पर काम कर रही है। हंगामे की वजह से भीड़ जुट गई थी। दंपति को पुलिस कर्मियों ने समझाया। थाना खेरागढ़ से जानकारी की गई। खेरागढ़ इंस्पेक्टर ने बताया कि रामगोपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। चोब सिंह का शव कागारौल नहर में मिला था। पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज है। रामगोपाल उसे अपने साथ बाइक पर लेकर जा रहा था। पुलिस ने रामगोपाल को पकड़ लिया था। इसी वजह से उसके भाई और भाभी ने डीसीपी पश्चिम के कार्यालय के बाहर पहुंचकर हंगामा किया है।
