कैमरों से होगी अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी
आगरा। कागारौल के काजीपाड़ा स्थित बड़ी मस्जिद परिसर में टाइल्स लगाने के विवाद में 24 घंटे में दो बार पथराव हुआ। शनिवार रात दो पक्ष आमने-सामने आए तो पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया। रविवार सुबह फिर पथराव होने से बाजार में अफरातफरी मच गई। फायरिंग भी की गई। मामले में देर रात एक और केस दर्ज करने की कवायद हो रही थी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
काजीपाड़ा में 110 साल पुरानी बड़ी मस्जिद है। इमाम मुख्तार अली ने बताया कि मस्जिद परिसर में टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा है। यह कार्य मोहल्ला घेर के अखलाक करा रहे थे। रकम लोगों ने जुटाई थी। दूसरे पक्ष के रईस आदि लोग टाइल्स लगाने में मनमानी का आरोप लगा रहे हैं। वह रकम के दुरुपयोग की बात कह रहे हैं। शनिवार रात 8 बजे नमाज के लिए लोग आए थे। तभी रहीश और अखलाक पक्ष के लोगों में विवाद होने लगा। वह मस्जिद के बाहर आकर झगड़ने लगे। कुछ ही देर में पत्थर फेंके जाने लगे। कांच की बोतलें भी फेंकी गईं। जानकारी पर पुलिस पहुंची तब तक मामला शांत हो गया।
रविवार सुबह 9 बजे एक बार फिर मस्जिद पर दोनों पक्षों के लोग आए तो विवाद शुरू हो गया। वह झगड़ते हुए सड़क पर आ गए। तब पुलिस भी तैनात नहीं थी। देखते ही देखते ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। बाजार में अफरातफरी मच गई। दुकानों के शटर गिर गए। बवाल के दौरान फायरिंग भी हुई।
कागारौल पुलिस ने 10 को भेजा जेल
पुलिस ने शनिवार को हुए बवाल के मामले में एसएसआई विजेंद्र शर्मा की तहरीर पर दोनों पक्षों के 20 नामजद व 30 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने दबिश देकर रईस पक्ष से सोहेल, रिहान, सद्दाम, सोहिल, सोनू, जबकि अखलाक पक्ष से अकरम, अजरुद्दीन, आसिफ, असलम, दानिश को गिरफ्तार कर लिया। सभी को जेल भेज दिया गया। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही थी।
गिरफ्तारी के लिए दबिश
एसीपी सैंया देवेश सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ है। बवाल के मामले में एक केस शनिवार को लिखा गया था। दूसरा केस भी जांच के बाद दर्ज किया जाएगा। 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
