हॉस्पिटल ले जाते समय लोडिंग टेंपो चालक हुआ रास्ते से फरार
पुलिस ने टेंपो सीज कर किया मुकदमा दर्ज
घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी
आगरा। घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची को पानी की सप्लाई देने जा रहे लोडिंग टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने चालक को पकड़ लिया। आरोप है कि हॉस्पिटल ले जाते समय टेंपो चालक रास्ते में मारपीट कर बच्ची और परिजन को छोड़कर भाग गया। इससे देर हो गई और बच्ची ने दम तोड़ दिया। शिकायत पर पुलिस पहुंच गई। टेंपो को कब्जे में ले दिया। थाना जगदीशपुरा में केस दर्ज किया जा रहा है।
राहुल नगर, बोदला निवासी अरमान आॅटो चालक हैं। वह पत्नी रिहाना, बेटा रिहान और बेटी अयाना के साथ रहते हैं। मंगलवार शाम को वह आॅटो लेकर गए थे। पत्नी घर के अंदर काम कर रही थी। तीन साल की बेटी अयाना घर के बाहर खेल रही थी। शाम पांच बजे तेज रफ्तार में पानी की सप्लाई देने जा रहे लोडिंग टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप ये घायल हो गई। शोर होने पर उसकी मां घर से बाहर निकलकर आई। खून में लथपथ बेटी को देख दहाड़े मारकर रोने लगी। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया। लोगों के कहने पर चालक इलाज कराने के लिए तैयार हो गया। परिजन के साथ हॉस्पिटल चल दिया। परिजन का आरोप है कि घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर गाली गलौज देने लगा। मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद बच्ची और उसके परिजन को बीच रास्ते में छोड़कर भाग गया। इस वजह से हॉस्पिटल पहुंचने में देर हो गई। अयाना ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जगदीशपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि टेंपो को सीज कर दिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कई बार समझाने पर भी नहीं माना था टेंपो चालक
राहुल नगर में रहने वाला एक युवक लोडिंग टेंपो से पानी की सप्लाई करता है। दिन में कई बार आना जाना होता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह हमेशा गलियों से गुजरने के दौरान भी तेज रफ्तार में निकलता है। कई बार उसे रोककर लोगों ने समझाया। मगर उसने किसी की बात नहीं मानी। मंगलवार को उसकी लापरवाही का नतीजा तीन साल की मासूम अयाना को झेलना पड़ा। टक्कर लगने से उसकी मौत हो गई।
