आगरा। जगदीश पुरा थाना क्षेत्र के अमरपुरा में शुक्रवार दोपहर को नाले की पुलिया तोड़ने गई सिंचाई विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पथराव किया। जेसीबी और सहायक अभियंता की कार के शीशे तोड़ दिए। ग्रामीणों को आक्रोशित देखकर टीम को भागना पड़ा। मामले में 53 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। ग्रामीण टीम पर बिना नोटिस देकर पुलिया तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।
बोदला-बिचपुरी मार्ग पर अमरपुरा गांव में सिंचाई विभाग के नाले पर कई जगह अवैध निर्माण कर लिया गया है। कई जगह पर पुलिया और आरसीसी की स्लैब बना दी गई हैं। शुक्रवार दोपहर 2 बजे सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह फोगाट, सहायक अभियंता पंकज अग्रवाल, अधिशासी अभियंता करनपाल सिंह,
अवर अभियंता अमन जैन सहित 20 लोगों की टीम पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। टीम नाले पर किए अतिक्रमण को तोड़ने लगी। नवविकसित कॉलोनी के सामने पुलिया को तोड़ने पर कॉलोनी में रहने वाले डॉ. मनोज राजपूत ने विरोध किया। उनका कहना था कि पुलिया को तोड़ दिया गया तो आवागमन कैसे होगा। सींचपाल शशि कुमार शर्मा का कहना था कि डॉ. मनोज राजपूत को पूर्व में कई बार नोटिस दिया गया था। उन्होंने विभाग का एक अनापत्ति प्रमाणपत्र दिखाया, जो फर्जी था। इस पर अवैध पुलिया को तोड़ दिया गया।
बाद में टीम पुरानी आबादी अमरपुरा की ओर गई। घरों के सामने नाले पर अवैध निर्माण को तोड़ दिया। इस पर ग्रामीण हंगामा करने लगे। इसी बीच टीम जेसीबी से आटा चक्की के सामने नाले पर बनी आरसीसी की स्लैब तोड़ने पहुंची। चक्की मालिक गनपत से विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि टीम बिना किसी नोटिस या सूचना के पुलिया तोड़ने आ गई थी। पुलिया से आने-जाने का रास्ता है। वह कैसे जा पाएंगे। टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया। टीम ने स्लैब को तोड़ दिया। अवैध निर्माण हटाने के बाद टीम वहीं रही। पुलिस को भेज दिया गया। पुलिस के जाते ही ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। उन्होंने अधिकारियों से मारपीट कर दी। ईंट-पत्थर फेंकने लगे। टीम के साथ आईं जेसीबी और कार के शीशे तोड़ दिए। यह देखकर अधिकारी और कर्मचारी भाग निकले। 15 मिनट तक बवाल के बाद पुलिस पहुंची। इस पर हमलावर भाग गए।
पथराव में सहायक अभियंता पंकज अग्रवाल की कार और जेसीबी का शीशा टूट गया। मारपीट में सहायक अभियंता विजय कसाना, अवर अभियंता अमन जैन, सींच पर्यवेक्षक आलोक भटनागर, अनिल मुदगल, सींचपाल शशि कुमार, अनिल परिहार, अनिल शर्मा, गजेंद्र शर्मा, दानवीर को चोटें आई हैं।
सिंचाई विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव
Leave a comment
Leave a comment
