कंपाउंडर की गलती से वरिष्ठ डॉक्टर फंसे, अस्पताल में परिजनों का हंगामा
आगरा। ताजनगरी में बच्चों के एक अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां पर एक बच्चे को एक्सपायर वैक्सीन लगा दी गई है। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।
कावेरी कुंज निवासी प्रतीक गर्ग अपने अपने 26 महीने के बेटे तानुष गर्ग को लेकर कमला नगर स्थित मेटरनिटी एंड चाइल्ड केयर सेंटर ले गए। ये हॉस्पिटल डॉक्टर सुनील अग्रवाल और संध्या अग्रवाल द्वारा संचालित किया जाता है। वहां वैक्सीन लगवाने गए थे। बच्चे के पिता प्रतीक का आरोप है कि 4300 रुपए लेकर बच्चे को एक्सपायर वैक्सीन लगा दी गई। प्रतीक का कहना है कि जो वैक्सीन लगाई गई थी उसके कवर को उन्होंने ऐसे ही देखा कि कहीं एक्सपायर तो नहीं है। इस पर वह एक्सपायर निकली। वैक्सीन की एक्सपायर डेट दो माह पहले निकल चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा किया। हॉस्पीटल में परिजनों के हंगामे का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें परिजन बोल रहे हैं एक्सपायरी वैक्सीन कैसे लग गई। डॉक्टर कह रहे हैं उनसे गलती हुई है। परिजनों ने उनसे लिखित में भी लिया है कि एक्सपायर वैक्सीन लगाई गई है। एक्सपायर वैक्सीन लगने के बाद बच्चे को कुछ हो ना जाये इस चिंता में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजनों पर बनाया जा रहा दबाव
डॉक्टर ने अपने पर्चे पर लिखकर दिया है कि उनसे एक्सपायर वैक्सीन लग गई। इस वैक्सीन से बच्चे को कोई परेशानी होती है तो उनकी जिम्मेदारी होगी। वहीं, पीड़ित का कहना है कि किसी एक पार्षद का भी उनके पास फोन आ रहा है जो डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई न करने की बात कह रहा है। वो मामला निपटाने के लिए रुपए दिलाने की बात भी कह रहे हैं।
किसी ने कोई तहरीर नहीं दी: थाना प्रभारी
कमला नगर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में किसी की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गयी है। अस्पताल में हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर गयी थी। मामले को शांत करा दिया गया था।
