8वें वेतन आयोग के गठन से रेलवे कर्मचारियों में खुशी की लहर
आगरा। मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन और पेंशनभोगियों के भत्तों में बढ़ोतरी के आठवें वेतन आयोग का ऐलान कर दिया है।
सरकार के इस कदम से केंद्र सरकार के लगभग 50 लाख कर्मचारियों और करीब 65 लाख पेंशनधारकों को फायदा होगा। वहीं, आठवें वेतन आयोग के गठन की मंजूरी पर रेलवे कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है। रेलवे कर्मचारियों ने कैबिनेट के फैसले को मील का पत्थर बताया।
एनसीआरईएस के मंडल अध्यक्ष दीपक गोयल ने कहा कि मैं केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आठवें वेतन आयोग के गठन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। एनसीआरएमयू के मंडल सचिव सुकेश यादव ने कहा कि कैबिनेट ने आठवें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी है, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री जिस प्रकार से सबके कल्याण की बात करते हैं तो कर्मचारियों के कल्याण की भी अच्छे से बात होनी चाहिए।
कर्मचारी बोले, शानदार तोहफा दिया
रेलवे कर्मचारी रामलाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, हमें बेहद खुशी है कि कैबिनेट ने आठवें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है। यह हम सभी के लिए बेहद खुशी की बात है। सभी में खुशी का माहौल है, क्योंकि हम इस घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पीएम मोदी ने वाकई सभी केंद्रीय कर्मचारियों को नए साल का शानदार तोहफा दिया है और हमें उम्मीद है कि रिपोर्ट समय पर आ जाएगी।
