पिछले आठ दिन में दूसरी बार चली क्षेत्र में गोली
आरोपियों को पकड़ने के लिए लगी कई पुलिस की टीम
आगरा। फतेहपुर सीकरी के गांव हंसपुरा में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एक बड़ी वारदात सामने आई। गांव के रहने वाले चांद मोहम्मद को दो युवकों ने बड़ी नहर पर फोन कर बुलाया और जैसे ही वह पहुंचे, गांव सिरौली निवासी इरफान खान ने उन पर गोली चला दी।
गनीमत रही कि गोली चांद मोहम्मद के हाथ में लगी, जिससे उनके हाथ के परखच्चे उड़ गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के राहगीर मौके पर पहुंचे। जिन्हें देखकर दोनों हमलावर फरार हो गए। घायल चांद मोहम्मद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में यह दूसरा गोलीकांड है, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने बताया कि वह हमले के कारणों की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
