महुअर पुल के पास घने कोहरे में रात्रि करीब एक बजे हुआ बड़ा हादसा
हादसे में एक मरा, दर्जन भर से अधिक लोग घायल, आधा दर्जन की हालत गंभीर
सभी को किरावली, अछनेरा, बिचपुरी, एसएन मेडिकल कालेज में कराया भर्ती

किरावली। सर्दी के मौसम में कोहरा अपना असर दिखा रहा है। दो दिन से लगातार पड़ रहे कोहरे से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके मार्ग हादसों में इजाफा हो रहा है। आगरा जयपुर हाईवे पर महअर पुल के पास घने कोहरे में रात्रि करीब एक बजे बड़ा हादसा हुआ।
इस दुर्घटना में तीन वाहन आपस में टकरा गये। इसमें यात्रियों से भरी हुई बस ट्रेलर में घुस गयी। इसके बाद पीछे से आ रही मैक्स गाड़ी भी भिड़ गयी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रुप से घायल हो गये। सभी घायलों को सीएचसी अछनेरा, किरावली, बिचपुरी और एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायलों में आधा दर्जन से अधिक लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
घायलों में जौहरा पत्नी जलालो निवासी बलरामपुर, सज्जाद हुसैन पुत्र शोहराव, अनीता पत्नी पवन निवासी गोंडा, पवन निवासी गोंडा, सोनू पुत्र उदय सिंह आदि है। इसके अलावा कराहरा दक्षिणी बाईपास पर शुक्रवार को सुबह दस बजे कोहरे के चलते चार वाहन एक दूसरे से भिड़ गए।
इस दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए। ट्राली में धान लेकर मंडी जा रहे ट्रैक्टर चालक कराहरा कट से न्यू दक्षिणी बाईपास पर चढ़ा था, तभी ग्वालियर की तरफ से आ रहे टैंकर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई, लेकिन टैंकर की टक्कर से ट्राली सड़क किनारे पलट गई। इसके बाद, टैंकर के पीछे आ रहा ट्रक टैंकर में घुस गया, और ट्रक के पीछे तमिलनाडु से चावल लेकर आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइपास किनारे लगभग आठ फीट नीचे गड्ढे में जा गिरा।
दुर्घटना के बाद, टैंकर चालक मौके से टैंकर सहित फरार हो गया। ट्रैक्टर चालक जगवीर सिंह, उनके पिता देवी सिंह, और चाचा दीवान सिंह बाल-बाल बच गए। ट्रेलर चालक शिव को मामूली चोटें आईं, जिनका मौके पर पहुंची एम्बुलेंस के स्टाफ द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने करब मंगाकर ट्रेलर को गड्ढे से बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, अगर तहरीर मिलती है तो अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
किरावली थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस पहुंच गयी थी। पुलिस ने बस में फंसे आधा दर्जन लोगों को रेरूक्यू कर बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया इस घटना में एक की मौत हो गयी है।
किसानों के धरना स्थल के समीप हादसा, दो मरे
एत्मादपुर। इनर रिंग रोड पर शनिवार अल सुबह सड़क घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शनिवार अल सुबह बाइक सवारों को ट्रक ने रौंद दिया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। सड़क हादसा की जानकारी धरना दे रहे किसान भी पहुंच गए। उन्होंने तत्काल हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भिजवाया। हादसे में मरने वालों का अभी कोई पता नहीं चल सका है।
