बेटे के घर पहुंचने पर परिजनों ने प्रशासन और विधायक को दिया धन्यवाद
आगरा। छह माह पहले दक्षिण अफ्रीका में नौकरी के लिए गए ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी अभिषेक गुरूवार की रात घर लौट आए। परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजन उन्हें रिसीव करने दिल्ली में इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पहुंचे थे। घर पहुंचकर अभिषेक के परिजनों ने विधायक और प्रशासन का धन्यवाद किया।
ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी आलोक शर्मा जूता फैक्टरी में काम करते हैं। उनके बेटे अभिषेक को 12 जुलाई 2023 को पड़ोस में रहने वाले प्रदीप गजवानी ने दक्षिण अफ्रीका में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद गजवानी ने अफ्रीका बुला लिया था। 16 दिसंबर को अभिषेक का वीडियो कॉल आई। बताया कि कंपनी मालिक ने उनका पासपोर्ट छींन लिया। 6 माह से वेतन भी नहीं दिया है। वह भारत आना चाहता है, लेकिन मालिक उसे आने नहीं दे रहा। जब घरवालों ने मालिक से बात की तो उन्होंने 5 लाख रुपये भेजने पर ही बेटे का पासपोर्ट देने की शर्त रखी। इस पर बेटे को वापस लाने के लिए उन्होंने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थनापत्र दिया है। एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह को जानकारी दी।
इस पर विधायक ने डीएम से मिलकर युवक को भारत वापसी कराने के लिए दूतावास से संपर्क करने के लिए कहा था। अभिषेक ने बताया कि वह पहले मुंबई पहुंचे। इसके बाद फ्लाइट से दिल्ली आए। अभिषेक के घर पहुंचने पर उनके दोस्त भी हालचाल जानने पहुंचे।
पाकिस्तानी युवक ने की मदद
अभिषेक ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका में पाकिस्तान के रहने वाले अनवर उस्मान भी काम करते थे। उन्हें जब परेशानी बताई तो उन्होंने 45 डॉलर देकर मदद की। उन्हें नहीं पता था कि कोई पाकिस्तान का व्यक्ति भी उनकी मदद कर सकता है। वहीं अभिषेक के पिता ने बताया कि उन्होंने 84 हजार रुपये उधार लेकर अभिषेक की एयर टिकट करवाई।
