खाना न मिलने पर बौखलाये, पुलिस जांच में जुटी
आगरा। सदर थाना क्षेत्र के ईदगाह बस स्टैंड के पास देर रात ढाबे पर खाना आये लोगों ने खाना न मिलने पर ढाबे पर उत्पात मचाया। ढाबे के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। चार राउंड फायरिंग की। फायरिंग में ढाबे संचालक के गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान करने में लगी है।
घटना बुधवार देर रात करीब 12 बजे की है। ईदगाह बस स्टैंड के पास अग्रवाल ढाबा है। यहां पर काले रंग की कार में करीब 5 युवक खाना खाने पहुंचे। उन्होंने खाने का आॅर्डर दिया तो कर्मचारी ने खाना खत्म होने की बात कही। इस पर युवक खाना लगाने का दवाब बनाने लगे। ढाबा संचालक जीतू ने कहाकि उनके पास न रोटी है न ही सब्जी। अब ढाबा बंद करने का टाइम है। इस पर एक युवक कार से तमंचा निकाल लाया। उसने कर्मचारी पर तमंचा तान दिया। उससे खाना बनाने को कहने लगा।
दहशत फैलाने के लिए उसने हवा में फायरिंग कर दी। इसके बाद ढाबा संचालक को गोली मार दी। ढाबे पर काम करने वाले युवक का कहना है कि दबंगों ने 4 राउंड फायर किए। इसके बाद वो भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
भगत हलवाई के चौकीदार को बदमाशों ने पीटा, मुकदमा दर्ज
आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में मंगलवार देर रात 4 बदमाश वारदात करने आए थे। उन्होंने भगत हलवाई के चौकीदार पर हमला बोल दिया। चौकीदार ने साहस दिखाया। वह बदमाशों से भिड़ गया और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश लोहे की सरिया से प्रहार करने के बाद भाग गए। चौकीदार घायल हो गया।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास में लगी है। घटना रात करीब सवा दो बजे की है। शिवाजी नगर में भगत हलवाई की दुकान है। दुकान मालिक प्रदीप भगत और शिवम भगत हैं। रात में चौकीदार मानिकचंद ड्यूटी पर थे। दुकान रात तकरीबन 11 बजे बंद हो गई। 12 बजे कर्मचारी तीसरी मंजिल पर सोने चले गए। मानिकचंद एक तरफ कुर्सी पर बैठे हुए थे। तभी बाइक पर चार बदमाश आएं। दुकान के पिछले दरवाजे की तरफ बाइक खड़ी की। एक बाइक पर रहा, जबकि तीन चेहरा छिपाते हुए चौकीदार की तरफ आ गए। चौकीदार को हिलाया तो वह जाग गए। बदमाशों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। वह भिड़ गए। एक बदमाश के हाथ में तमंचा लगा था, जबकि दूसरे के हाथ में लोहे की सरिया थी। चौकीदार ने साहस दिखाया। एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। उसने हमला बोल दिया। सरिया सिर में मार दी। इसके बाद भाग गए। घायल चौकीदार ने अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। मगर, तब तक बदमाश दूर जा चुके थे। सूचना पर पुलिस आ गई। सरिया को बदमाश छोड़ गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें घटना कैद हो गई। बदमाश जिस दिशा में भागे थे, पुलिस उस तरफ के कैमरे खंगाल रही है। पुलिस मारपीट का मामला मान रही है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
