रेलवे बोर्ड स्तर पर चल रहा मंथन, आने वाले दिनों में यात्रियों को मिलने लगेंगे कवर वाले कंबल
आगरा। रेलवे बोर्ड ट्रेनों के एसी कोच में कवर लगे कंबल मुहैया कराने पर विचार कर रहा है। इसके लिए रेलवे बोर्ड में मंथन भी चल रहा है। यह भी संभावना है कि आने वाले दिनों में सभी श्रेणी के एसी कोच में यात्रियों को कवर लगे कंबल मिले।
वर्तमान में रेलवे की ओर से एसी कोच के यात्रियों को दो चादर, कवर सहित तकिया, एक छोटा तौलिया एवं एक कंबल दिया जाता है। लेकिन, कई बार चादर और कंबल गंदा होने की शिकायत यात्री रेल मदद एप और रेलवे की 139 सेवा पर करते हैं। इसे लेकर रेलवे बोर्ड स्तर पर कंबल के साथ कवर देने पर विचार कर रहा है।
एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी का कहना है कि कंबल देने का निर्णय रेलवे बोर्ड स्तर से होगा। वर्तमान में एनसीआर की ट्रेनों में जो कंबल दिए जा रहे हैं उसकी प्रत्येक माह में एक बार धुलाई होती है। 2010 के पहले प्रत्येक तीन माह में एक बार धुलाई होती थी। लेकिन, 2016 के बाद से प्रत्येक माह की जाने लगी। इसके अलावा चादर, तकिया कवर व हैंड टॉवेल की धुलाई प्रत्येक इस्तेमाल के बाद की जा रही है। इसके लिए एनसीआर के प्रयागराज व ग्वालियर में दो मैकेनाइज्ड लाउंड्री है।
