सिर चढ़कर बोला योगी का बंटेंगे तो कटेंगे का नारा
नौ में से छह पर भाजपा प्रत्याशी आगे, सपा सिर्फ 3 में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा को भारी बढ़ दिख रही है। दोपहर 12 बजे तक के रुझानों के मुताबिक भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के उम्मीदवार नौ में छह सीटों पर आगे चल रहे थे, जबकि सपा को मात्र तीन सीटों पर बढ़त थी। ऐसा लगता है कि सीएम योगी का बंटेंगे तो कटेंगे का नारा यूपी में भी जमकर चला।
मैनपुरी की प्रतिष्ठापूर्ण सीट करहल और कानपुर की सीसामऊ सीट पर ही सपा प्रत्याशी आगे चल रहे थे। करहल से सपा ने तेजप्रताप यादव और सीसामऊ से जेल में बंद निवर्तमान विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम को प्रत्याशी बनाया है। कटेहरी में भी सपा आगे है।
मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और यहां तक कि मुस्लिम बहुल सीट कुंदरकी (मुरादाबाद) में भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे थे। फूलपुर में बीजेपी प्रत्याशी दीपक पटेल पांचवें राउंड में सपा के मुज्तबा सिद्दीकी से 2073 मतों से आगे हैं। गाजियाबाद में बीजेपी के संजीव शर्मा आगे हैं। सपा के रामजाटव पीछे चल रहे हैं।
सीसामऊ सीट से बीजेपी को झटका लग सकता है। यहां पर 21 हजार वोटों से सपा की नसीम सोलंकी आगे है। इस सीट पर सपा जीत की ओर बढ़ रही है। बीजेपी के सुरेश अवस्थी पीछे हैं। मीरापुर में आरएलडी के मिथलेशपाल आगे हैं। सपा की सुंबुल राणा पीछे हैं। सीसामऊ में सबसे कम 20 राउंड और कुंदरकी, करहल, फूलपुर और मझवां में सबसे अधिक 32 राउंड में मतगणना होगी।
