मुखबिरी के शक में गांव के युवक ने की थी हत्या, पुलिस ने किया पर्दाफाश
डकैती के मुकदमें में पांच हजार का इनामी है विशाल शर्मा
आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव प्रतापपुरा निवासी दूधिया मोनू शर्मा की हत्या मुखबिरी के शक में हुई थी। नीमच (मध्य प्रदेश) में पड़ी एक डकैती के मुकदमे में वांछित पांच हजार के इनामी विशाल शर्मा ने हत्या की साजिश रची। दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया। दोनों हत्यारोपी पकड़े गए।
13 नवंबर की रात गांव प्रतापपुरा, फतेहाबाद निवासी दूधिया मोनू शर्मा की दो गोली मारकर हत्या की गई थी। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद टोल के पास बाइक सवार दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया था। दूधिया की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसकी हत्या से किसी को क्या लाभ होगा। सबसे पहला सवाल यह उठा। पुलिस ने गांव से ही छानबीन शुरू की। पुलिस को पता चला कि मोनू शर्मा के गांव में विशाल शर्मा रहता है। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है। मध्य प्रदेश के नीमच के थाना रतनगढ़ क्षेत्र में 11 सितंबर 2024 को डकैती की घटना हुई थी। वारदात में फतेहाबाद का विशाल शर्मा शामिल था। उस पर मध्य प्रदेश से पांच हजार का इनाम घोषित है। पूर्व में जब भी एक्सप्रेसवे पर लूट की कोई घटना होती थी मोनू शर्मा गांव में यही कहता था कि विशाल से पूछताछ होनी चाहिए। उसकी संगति अच्छी नहीं है। हत्या से कुछ दिन पहले मोनू शर्मा को यह जानकारी हो गई थी कि मध्य प्रदेश पुलिस को विशाल की तलाश है। विशाल को यह आशंका थी कि मोनू उसकी मुखबिरी कर सकता है। उसकी गिरफ्तारी की वजह बन सकता है। विशाल ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
पीछे से मारी थी पहली गोली
हत्यारोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि तीन दिन रेकी की थी। इसके बाद पता चल गया था कि मोनू शर्मा किस समय कहां दूध देने जाता है। वारदात के लिए रात का समय चुना। एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर उसे घेरा था। पहली गोली पीछे से मारी। वह जान बचाकर खेत की ओर भागने लगा। पीछा करके उसे फिर गोली मारी। डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा ने बताया कि वारदात का खुलासा इतना आसान नहीं था। पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। सीसीटीवी खंगाले गए। सर्विलांस टीम की मदद ली गई। पुलिस को जब यकीन हो गया कि वारदात में गांव प्रतापपुरा के युवक का हाथ है तो गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया। पुलिस ने हत्याकांड में विशाल शर्मा और शिवम शर्मा (गढ़ी सावराय) को पकड़ा। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया।
