आगरा। झांसी मेडिकल कॉलेज में हुए अग्निकांड के बाद स्वास्थ्य विभाग एलर्ट मोड पर है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सात अस्पतालों का निरीक्षण फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट के साथ किया। एक हॉस्पिटल ने फर्जी एनओसी दिखाई। टीम ने सातों अस्पतालों की रिपोर्ट बनाकर सीएमओ के पास जमा करा दी है।
मंगलवार को फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कमलानगर और सुल्तान गंज की पुलिया के 7 अस्पतालों का निरीक्षण किया। कमलानगर के सार्थक नर्सिंग होम में जब टीम पहुंची तो वहां संचालक ने टीम को फर्जी एनओसी दिखाई। फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट ने तुरंत फर्जी एनओसी को पकड़ लिया। कहा कि एनओसी में जिस अधिकारी के साइन हैं, यह अधिकारी कभी यहां नहीं रहे। एनओसी 2022 से 2025 तक की थी। उसका रिकॉर्ड भी डिपार्टमेंट के पास नहीं मिला। इस पर संचालक कोई जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद टीम ने 6 और अस्पतालों को निरीक्षण किया। किसी भी अस्पताल के पास फायर एनओसी नहीं थी। भाटिया क्रिटिकल केयर एंट मेटरनिटी सेंटर के पास क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन था। लेकिन अस्पताल चलाया जा रहा था। यही नहीं, यहां 10 बेड का आईसीयू भी था। टीम ने अस्पताल को नोटिस दिया। टीम में नोडल सोमदत्त और जगपाल सिंह चाहर के साथ पुलिसकर्मी थे।
इन अस्पतालों का किया निरीक्षण
-अभिलाषा नर्सिंग होम, सुल्तान गंज की पुलिया
-हृदमय हॉस्पिटल, कमलानगर
-बीएम हॉस्पिटल, कमलानगर
-सार्थक नर्सिंग होम, कमलानगर
-सर्वोदय हॉस्पिटल, कमलानगर
-ओम अशोका हॉस्पिटल, कमलानगर
-भाटिया क्रिटिकल केयर एंड मेटरनिटी सेंटर, कमलानगर
